- CMO ने जांच कमेटी बनाई
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में डॉक्टर के प्रमोशन की खुशी में पिज्जा और गोल-गप्पे की पार्टी की गई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पार्टी करते दिख रहे हैं। एक नर्स पार्टी का वीडियो बना रही है। वीडियो सामने आने के बाद बाद चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) ने जांच कमेटी बना दी है। उन्होंने कहा कि उस दौरान संबंधित वार्ड में कोई पेशेंट नहीं था। फिर भी पेशेंट एरिया में पार्टी करना बिल्कुल गलत है। इसकी जांच कराई जा रही है।
वार्ड इंचार्ज भी पार्टी में थे
सूत्रों के अनुसार, SNCU में सोमवार को डॉ. जीतांशु के प्रमोशन की खुशी में वार्ड के अंदर ही पिज्जा पार्टी की गई। वीडियो में जो डॉक्टर दिखाई दे रहे हैं, उन्हीं की ओर से यह पार्टी दी गई थी। बताया जा रहा है कि उस समय SNCU के इंचार्ज डॉ. अभिभूषण भी मौके पर मौजूद थे। पार्टी में अस्पताल के अन्य वार्डों से भी स्टाफ नर्सों को बुलाया गया था। सबने मिलकरपिज्जा और गोलगप्पे खाए।
अब जानिए वीडियो में क्या दिख रहा…
SNCU वार्ड में हुई पिज्जा पार्टी का 54 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें करीब 20 लोग दिखाई दे रहे हैं, जिनमें मेल और फीमेल स्टाफ दोनों शामिल हैं। वीडियो की शुरुआत में डॉ. जीतांशु स्टाफ को पिज्जा परोसती हुई दिखाई देती हैं। वहीं, कुछ नर्सें कटोरियों में गोलगप्पे परोसती नजर आती हैं।
स्टाफ वार्ड के अंदर खड़े होकर ही पिज्जा और गोलगप्पे खाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में SNCU के इंचार्ज डॉ. अभिभूषण भी कुर्सी पर बैठकर खाना खाते नजर आते हैं। वीडियो के आखिर में वह महिला स्टाफ भी दिखाई देती है, जो पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर रही होती है।
CMO बोलीं- जांच के लिए कमेटी बनाई
झज्जर की चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) डॉ. मंजू कादियान ने बताया कि मरीजों के उपचार वाले क्षेत्र में किसी भी प्रकार की पार्टी करना पूरी तरह गलत है। मामले की जांच के लिए बहादुरगढ़ के PMO डॉ. देवेंद्र मेघा की निगरानी में एक जांच कमेटी का गठन किया गया है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि संबंधित डॉक्टर और मौके पर मौजूद स्टाफ से चूक हुई है।
CMO ने बताया कि जिस समय पार्टी हुई, उस दौरान संबंधित वार्ड में कोई मरीज भर्ती नहीं था। इसके बावजूद अस्पताल के पेशेंट एरिया में इस तरह की गतिविधि नियमों के खिलाफ है। भविष्य में अस्पताल के किसी भी पेशेंट एरिया में किसी भी प्रकार की पार्टी या समारोह की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
वार्ड में नवजात शिशुओं का इलाज होता है
SNCU वह यूनिट है, जहां समय से पहले जन्मे, गंभीर रूप से बीमार और संक्रमण के प्रति अत्यधिक संवेदनशील नवजात शिशुओं का इलाज किया जाता है। इस वार्ड में प्रवेश, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण को लेकर सख्त प्रोटोकॉल लागू होते हैं। सामान्य परिस्थितियों में वार्ड के अंदर बाहरी खाद्य सामग्री ले जाने और अनावश्यक लोगों की मौजूदगी की अनुमति नहीं होती।