- नाबालिग नहीं चला पाएंगे, नाम-पते समेत आधार नंबर भी दर्ज
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कैथल शहर में अब सभी ई रिक्शा और ऑटो ड्राइवरों के आई कार्ड बनाए जाएंगे। शहर में ऑटो व रिक्शा में होने वाली चोरी और छीनाझपटी जैसी वारदातों को रोकने के लिए ऑटो यूनियन और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर यह निर्णय लिया है। आई कार्ड बनने का एक और लाभ ये भी रहेगा कि ये कार्ड नाबालिग लड़कों के नहीं बनेंगे, जिससे दुर्घटनाओं में भी कमी होगी। यूनियन की ओर से ड्राइवरों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिन ऑटो और ई रिक्शा ड्राइवरों के कार्ड बनाए जाएंगे, उन कार्डों में सभी का पूरा नाम पता होने के साथ साथ आधार नंबर तक लिखा जाएगा। अगर किसी ऑटो या रिक्शा में कोई वारदात होती है, तो पुलिस तुरंत ड्राइवर को पकड़ लेगी और उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अगर बिना कार्ड के कोई ड्राइवर वाहन चलाते पाया, तो उसका चालान किया जाएगा। उसे इंपाउंड भी किया जा सकता है।
चार हजार से ज्यादा ऑटो व रिक्शा
कैथल में इस समय चार हजार से ज्यादा ऑटो और रिक्शा सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कई बार तो इन वाहनों को नाबालिग लड़के चलाते हुए दिखाई देते हैं। शहर में लूट और चोरी की घटनाएं भी इन वाहनों में सामने आ चुकी हैं। इसे रोकने के लिए ऑटो यूनियन ने ट्रैफिक पुलिस से अपील की, कि सबके आई कार्ड बनाए जाए। इस पर ट्रैफिक थाना प्रबंधक ने सहमति दी। अब यूनियन ने एक सप्ताह में सभी के कार्ड बनवाने का दावा किया है।
ड्राइवराें पर यात्रियों का विश्वास कम
ऑटो यूनियन के प्रधान संजीव कुमार ने बताया कि कई बार ऑटो व रिक्शा में सवारियों के साथ चोरी जैसी वारदातें होती हैं। इससे सभी ड्राइवरों पर यात्रियों का विश्वास कम होता है। वहीं नाबालिग के ऑटो चलाने से दुघटनाओं की संभावना रहती है। इसी को देखते हुए यूनियन ने कार्ड बनवाने का निर्णय लिया है।
ट्रैफिक एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में यूनियन के सदस्य उनसे मिले थे और आई कार्ड बनाने पर चर्चा की। सभी के कार्ड बनाए जाएंगे। पुलिस की ओर से भी यूनियन का पूरा सहयोग किया जाएगा।