July 6, 2026
6 july 11
  • नारनौल-रेवाड़ी के यात्रियों को मिलेगी सीधी सर्विस, इस सप्ताह से होगी स्टार्ट

हरियाणा से खाटूश्यामजी और हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल ने जुलाई 2026 के दौरान वेरावल और हरिद्वार के बीच विशेष किराए पर समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रींगस (खाटूश्यामजी) होते हुए संचालित होगी, जिससे शेखावाटी क्षेत्र के साथ-साथ नारनौल, अटेली और रेवाड़ी क्षेत्र के यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच, नारनौल-अटेली ने लंबे समय से इस रूट पर विशेष ट्रेन चलाने की मांग रेलवे बोर्ड के समक्ष उठाई थी। रेलवे बोर्ड द्वारा इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए जुलाई माह में स्पेशल ट्रेन संचालित करने की मंजूरी दी गई है।

मंगलवार को वेरावल से चलेगी

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09203 वेरावल-हरिद्वार स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को वेरावल से दोपहर 4:05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 7, 14, 21 और 28 जुलाई 2026 को संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 09204 हरिद्वार-वेरावल स्पेशल प्रत्येक बुधवार रात 9:30 बजे हरिद्वार से रवाना होगी। इसका संचालन 8, 15, 22 और 29 जुलाई 2026 को किया जाएगा।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह स्पेशल ट्रेन जूनागढ़, जेतलसर, ढसा, धोला, बोटाद, धंधुका, धौलका, गांधीग्राम, मेहसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, श्रीमाधोपुर, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और रुड़की सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

श्याम भक्तों को मिलेगा लाभ

रींगस स्टेशन खाटूश्यामजी धाम का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन होने के कारण इस ट्रेन से बाबा श्याम के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।

सीटों की संख्या सीमित

रेलवे ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन संख्या 09203 की टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है। रेलवे ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है, क्योंकि स्पेशल ट्रेन में सीटों की संख्या सीमित रहेगी।