- अगले 5 साल हर वर्ष 10% बढ़ेगी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के रोहतक स्थित स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (UHSR) ने मेडिकल और पैरामेडिकल कोर्सों की विभिन्न फीस में बड़ी बढ़ोतरी की है। नई फीस 1 अगस्त से लागू होगी। इसके साथ ही अगले पांच वर्षों तक हर साल 10% की वार्षिक बढ़ोतरी का भी प्रावधान किया गया है। फैसले का मेडिकल सर्विस सेंटर ऑर्गेनाइजेशन (MSC) ने विरोध करते हुए इसे छात्रों पर आर्थिक बोझ बताया है। इस बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि क्या BJP सरकार का काम छात्रों को सस्ती और सुलभ शिक्षा देना है या उन्हें लेट फीस और पेनाल्टी के नाम पर मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित करना है? भविष्य के डॉक्टरों से यह जबरन वसूली क्यों?
इस बेतहाशा बढ़ोतरी को देखकर तो यही लगता है कि अब नायब सैनी सरकार को छात्रों के भविष्य की नहीं, बल्कि सिर्फ अपनी “तिजोरी” भरने की फिक्र है!
हर साल 10% बढ़ेगी फीस
विश्वविद्यालय की नई अधिसूचना के अनुसार 1 अगस्त से नई फीस लागू होगी। इसके बाद अगले पांच वर्षों तक हर साल फीस में 10% की बढ़ोतरी की जाएगी। MBBS, BDS, MD और MS कोर्सों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 1,500 से बढ़ाकर 3 हजार रुपए कर दी गई है। अन्य कोर्सों में यह फीस एक हजार से बढ़ाकर दो हजार रुपए कर दी गई है।
लेट फीस भी बढ़ाई गई
निर्धारित समय के 10 दिन बाद परीक्षा फॉर्म भरने पर 5 हजार रुपए लेट फीस देनी होगी। परीक्षा से 24 घंटे पहले तक फॉर्म भरने पर यह राशि 20 हजार रुपए तक पहुंच सकती है। वहीं डुप्लीकेट DMC के लिए भी 2,500 रुपए तक शुल्क तय किया गया है।
मेडिकल सर्विस सेंटर ऑर्गेनाइजेशन (MSC) ने फीस वृद्धि का विरोध करते हुए कहा कि इससे मेडिकल और पैरामेडिकल छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। संगठन ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।