- सिरसा सूखा रहा, 5 डिग्री तक गिरा तापमान
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। बीते दो दिनों (1 जुलाई और 2 जुलाई) में मानसून ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को सराबोर कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा अब भिवानी और बठिंडा से होकर गुजर रही है।
हालांकि, जहां कुछ जिलों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है, वहीं कुछ इलाके ऐसे भी हैं, जहां मानसून अभी भी पूरी तरह मेहरबान नहीं हुआ है। हरियाणा में 2 दिनों में अब तक 11.1 MM बारिश हुई है। वहीं 1 जून से 2 जुलाई तक 40.1 MM बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 61.3 MM होनी चाहिए था, जो कि सामान्य से 33 प्रतिशत कम है।
बीते 2 दिन की बात करें तो सबसे ज्यादा बारिश फतेहाबाद में 30.8 MM हुई। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में 27.9 MM और हिसार में 20.7 MM पानी बरसा। वहीं फतेहाबाद का पड़ोसी जिला सिरसा पूरी तरह सूखा रहा। इसके अलावा नूंह (0.1 MM), पलवल (0.1 MM) और फरीदाबाद (0.2 MM) जैसे जिलों में केवल नाममात्र की बूंदाबांदी हुई है। गुरुग्राम, जींद, झज्जर में 5 MM से कम बारिश देखने को मिली है।
आज 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
आज प्रदेश के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और चरखी दादरी को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और भिवानी में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
पूरे सप्ताह 44% की कम बारिश हुई
अगर हम पूरे सप्ताह 26 जून से 2 जुलाई के आंकड़ों को देखें, तो हरियाणा में 11.9 MM बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय की सामान्य (औसत) बारिश 21.4 MM होनी चाहिए। इस लिहाज से प्रदेश में इस सप्ताह 44 प्रतिश की कमी दर्ज की गई है। वहीं, 1 जून से 2 जुलाई की बात करें तो हरियाणा में अब तक 41.1 MM बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 61.3 MM होना चाहिए था, जो कि सामान्य से -33 प्रतिशत कम है।
आने वाले दिनों में पूरे हरियाणा में बरसेगा मानसून
वहीं आने वाले दिनों 3 जुलाई, 4 जुलाई और 5 जुलाई को पूरे हरियाणा में बारिश के आसार जताए गए हैं। हरियाणा के एक-दो स्थानों को छोड़कर बाकि प्रदेश में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उत्तर-पूर्वी और कुछ दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सिरसा सबसे गर्म, प्रदेश में 5.1°C की गिरावट
प्रदेश में मानसून की दस्तक से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। कल के मुकाबले औसत अधिकतम तापमान में -0.1°C की मामूली कमी रही। लेकिन यह सामान्य से -5.1°C नीचे पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 36.2°C सिरसा में रिकॉर्ड किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में अंबाला में 34.5°C, चंडीगढ़ में 33.6°C, रोहतक में 32.8°C, हिसार में 32.3°C और करनाल में 30.3°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
नारनौल में सबसे ठंडी रात, औसत पारा गिरा
राज्य में रात और सुबह के समय भी मौसम सुहावना बना हुआ है। बीते कल के मुकाबले आज औसत न्यूनतम तापमान में -4.5°C की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से -3.7°C कम रहा। हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0°C महेंद्रगढ़ के नारनौल में दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में रात का पारा 21.7°C, रोहतक में 23.2°C, करनाल में 24.0°C, चंडीगढ़ में 24.5°C और अंबाला में 26.0°C दर्ज किया गया।