June 28, 2026
28 june 13
  • 9 जिलों में मौसम खराब रहने का अलर्ट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में तेज गर्मी के बीच रविवार को मौसम बदल गया। दोपहर को भिवानी, कैथल के पूंडरी और फतेहाबाद के रतिया में बारिश हुई। शाम होते-होते रोहतक, सोनीपत और नारनौल में भी मौसम बदल गया।

सोनीपत में पहले तेज तूफान आया, इसके बाद बारिश शुरू हुई। नारनौल में बूंदाबांदी हुई। गुरुग्राम में भी बारिश की संभावना है। यहां धूल भरी आंधी चल रही है।

मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ ने रात 8 बजे तक गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत समेत आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

2 जुलाई तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 2 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हवाओं की दिशा में बदलाव होने की संभावना है।

प्री-मानसून की बारिश से तापमान गिरेगा

दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलने से वातावरण में नमी बढ़ेगी और तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। नमी और तापमान बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। 2 जुलाई के बाद मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से प्री-मानसून बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।

जुलाई के दूसरे हफ्ते तक मानसून आएगा

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ने के बाद हरियाणा में प्रवेश करने की संभावना है। यदि मौजूदा अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो मानसून जुलाई के दूसरे हफ्ते तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच सकता है। सबसे पहले पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में असर दिखेगा, इसके बाद धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।