- रोजाना 200 पेटी की सप्लाई
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के पानीपत में बुधवार को डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI), गुरुग्राम की टीम ने सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री पर रेड की।
जांच में सामने आया कि यहां कथित तौर पर नकली ब्रांड के नाम से सिगरेट तैयार की जा रही थीं। फैक्ट्री में रोजाना 150 से 200 पेटी सिगरेट बनाने की जानकारी मिली है।
आरोप है कि फैक्ट्री में दिन के समय ए-टेन और रात में गोल्ड फ्लेक ब्रांड के नाम से सिगरेट बनाई जाती थीं। रात में तैयार माल दिल्ली भेजा जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि सोनीपत के बहालगढ़ में जीएसटी की रेड के बाद इस फैक्ट्री का काम पानीपत शिफ्ट किया गया था। यहां कंपनी का नाम बदलकर SK एक्सपोर्ट रखा गया था। जांच एजेंसी कंपनी के कारोबार, टैक्स रिकॉर्ड, माल की खरीद और सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
सोनीपत में रेड के बाद पानीपत में शुरू किया काम
जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, सोनीपत के बहालगढ़ में पहले जीएसटी की रेड हुई थी। इसके बाद सिगरेट बनाने का काम पानीपत के गांव जलालपुर प्रथम में शिफ्ट कर दिया गया। यहां कंपनी का नाम बदलकर एसके एक्सपोर्ट रखा गया।
कागजों में कंपनी का कारोबार एक्सपोर्ट से जुड़ा दिखाया जा रहा था। वहीं, सामने आया है कि न तो माल विदेश भेजा जा रहा था और न ही कंपनी के पास एक्सपोर्ट लाइसेंस था। जांच एजेंसियां कंपनी के रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस और जीएसटी रिटर्न की पड़ताल कर रही हैं।
दिन में ए-टेन, रात में गोल्ड फ्लेक के नाम से बनती थी सिगरेट
फैक्ट्री में कथित तौर पर दो शिफ्टों में उत्पादन किया जाता था। दिन में ए-टेन ब्रांड के नाम से सिगरेट तैयार होती थीं, जबकि रात करीब 11 बजे से सुबह 3 बजे तक गोल्ड फ्लेक के नाम से उत्पादन किया जाता था।
रात की शिफ्ट में करीब 50 से 100 पेटी सिगरेट तैयार कर दिल्ली भेजी जाती थीं। गोल्ड फ्लेक की डिब्बियां और फिल्टर दिल्ली के सिरसपुर से मंगवाए जाने की बात सामने आई है। वहां इनकी प्रिंटिंग और पैकेजिंग की जाती थी।
हैदराबाद से ट्रकों में मंगवाते थे तंबाकू
फैक्ट्री में सिगरेट बनाने के लिए तंबाकू हैदराबाद से मंगवाया जाता था। एक ट्रक में करीब 10 टन तंबाकू आने की जानकारी मिली है। अब तक कई ट्रकों के जरिए करीब 70 से 80 टन तंबाकू लाए जाने का दावा है।
तंबाकू के परिवहन के लिए ई-वे बिल बनाए जाते थे। अब एजेंसियां इन बिलों का मिलान माल की वास्तविक खरीद और सप्लाई से कर रही हैं। यह भी जांच की जा रही है कि तंबाकू किस कंपनी से खरीदा गया और बिलों में दर्ज फर्म वास्तव में मौजूद हैं या नहीं।
एक पेटी पर करीब 1 लाख रुपए टैक्स का दावा
जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों की माने तो सिगरेट की एक पेटी पर करीब 1 लाख रुपए तक टैक्स बनता है। इस हिसाब से रोजाना 200 पेटी उत्पादन होने पर करीब 2 करोड़ रुपए प्रतिदिन की टैक्स देनदारी का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, एक पेटी सिगरेट तैयार करने में करीब 10 हजार रुपए खर्च होते थे, जबकि इसे बाजार में करीब 80 हजार रुपए में बेचा जाता था।
3 करोड़ की मशीनें खरीदने का दावा, ITR 6 लाख
फैक्ट्री के संचालन से जुड़े कमलेश नाम के व्यक्ति द्वारा करीब 3 करोड़ रुपए की मशीनें खरीदने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसकी आयकर रिटर्न करीब 6 लाख रुपए की है। मशीनें असम से मंगवाने की बात भी सामने आई है। एजेंसियां इनके बिल और खरीद के स्रोत की जांच कर रही हैं।
कंपनी के मालिकाना हक को लेकर भी अलग-अलग नाम सामने आए हैं। कागजों में फैक्ट्री कमलेश के नाम बताई जा रही है, जबकि इसका वास्तविक मालिक दिल्ली के शाहदरा निवासी कुलदीप बताया जा रहा है। हरीश फैक्ट्री का कामकाज संभालता था। इन सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।