- एक दिन बाद ही कुरुक्षेत्र DC से मिलकर ऑफिस जॉइन किया, कहा-मेरा कोई इरादा नहीं था
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र में धान घोटाले की जांच के बीच इस्तीफा देने वाले जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) नरेश कुमार ने बुधवार को फिर से ऑफिस जॉइन कर लिया। वे सुबह कार्यालय पहुंचे और सीधे DC विश्राम कुमार मीणा से मुलाकात की।
नरेश कुमार ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि वे छुट्टी पर गए थे। उनका इस्तीफा देने का कोई इरादा नहीं था। उनका इस्तीफा अधिकारियों तक कैसे पहुंचा, इस सवाल के जवाब में उन्होंने अपने पत्र में लिखा- मेरी बेटी आरोही कक्षा 7वीं में पढ़ती है। वह मेरा मोबाइल इस्तेमाल कर रही थी। इसी दौरान उससे गलती से त्यागपत्र वाला ई-मेल विभाग को भेज दिया गया।
DC से मुलाकात के दौरान उन्होंने तबीयत खराब होने की बात भी कही। बता दें कि नरेश कुमार के अचानक इस्तीफा देने से कई सवाल उठने लगे थे। अब उनके अचानक ऑफिस जॉइन करने पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि उन्होंने जो इस्तीफा भेजा था, उस पत्र पर बाकायदा हस्ताक्षर किए हुए थे और तारीख भी लिखी थी।
डीएफएससी ने स्पष्टीकरण में ये 4 बातें कहीं
- बेटी से गलती से भेजा गया ई-मेल: मेरी बेटी आरोही कक्षा 7वीं में पढ़ती है। वह मेरा मोबाइल इस्तेमाल कर रही थी। इसी दौरान उससे गलती से त्यागपत्र वाला ई-मेल विभाग को भेज दिया गया।
- इस्तीफा देने का इरादा नहीं: मैंने अपनी मर्जी से कोई इस्तीफा नहीं दिया है। न ही DFSC, कुरुक्षेत्र के पद से इस्तीफा देने का मेरा कोई इरादा है।
- त्यागपत्र को स्वीकार न किया जाए: ई-मेल मेरी जानकारी और अनुमति के बिना भेजा गया। इसलिए इसे नजरअंदाज किया जाए और इसके आधार पर कोई कार्रवाई न की जाए।
- पद पर काम जारी रखना चाहता हूं: अगर ई-मेल को इस्तीफे का नोटिस माना जाता है, तो भी मैं इसे वापस लेना चाहता हूं। मेरी सेवा जारी रखी जाए और मुझे DFSC के पद पर काम करने दिया जाए।
नरेश कुमार ने लिखा था- 15 नवंबर से ड्यूटी नहीं कर पाऊंगा
DFSC नरेश कुमार ने एक दिन पहले ही अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।डिपार्टमेंट की प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. अमनीत पी. कुमार को इस्तीफा मंजूर करने के लिए ई-मेल भेजी थी। इसमें लिखा था-
मैं अपनी घरेलू समस्याओं के कारण मैं डीएफएससी, कुरुक्षेत्र के पद पर कार्य जारी रखने में असमर्थ हूं। इसलिए मैं डीएफएससी के पद से त्यागपत्र देता हूं।
उन्होंने इस्तीफे की कॉपी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डायरेक्टर और कुरुक्षेत्र के DC विश्राम कुमार मीणा को भी भेजा है। इसमें भी स्पष्ट किया है कि वह 15 नवंबर के बाद कार्यालय में ड्यूटी नहीं कर पाएंगे।
सवाल पूछने पर डीएफएससी बोले-छुट्टी पर गया था
डीसी ऑफिस पहुंचे डीएफएससी नरेश कुमार से दैनिक भास्कर ने बात करने की कोशिश की। मगर, उन्होंने ज्यादा बात न करते सिर्फ इतना कि वे छुट्टी पर गए थे। साथ ही बातचीत करने पर तबीयत खराब हाेने की बात कही।
थप्पड़ कांड के बाद मिला था कुरुक्षेत्र का प्रभार
20 जनवरी को नरेश कुमार को कुरुक्षेत्र में DFSC की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें पूर्व DFSC राजेश कुमार के बाद यह चार्ज मिला था। राजेश कुमार उस समय चर्चा में आए थे, जब भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
धान घोटाले में एक महीने दर्ज हुई 3 FIR…
- पिहोवा, 22 अक्टूबर, 3 नवंबर: CSC संचालक विजय कुमार पर गुरुद्वारा सचखंड ईशर की करीब 225 एकड़ जमीन के पंजीकरण में गड़बड़ी का आरोप लगा। शिकायत के अनुसार, जमीन का कुछ हिस्सा अपने और पत्नी के नाम दर्ज कराकर फर्जी फसल पंजीकरण के जरिए धान बेचा गया।
- इस्माईलाबाद, 11 नवंबर : रीना देवी, अंश सिंगला और सुच्चा सिंह पर किसानों की जमीन का फर्जी पंजीकरण कर धान बेचने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई। चार किसानों परगट सिंह, जशनदीप सिंह, मुनीष और सुरजीत सिंह की जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी की शिकायत की गई थी।