June 4, 2026
4 june 16
  • पेट्रोल पंप दिलाने के बहाने फंसाया

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के पानीपत जिले में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे रसूखदार नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला समालखा के पूर्व विधायक INLD नेता भरत सिंह छौक्कर के साथ सामने आया है। शातिर साइबर ठगों ने पेट्रोल पंप दिलाने का झांसा देकर पूर्व विधायक का वॉट्सएप अकाउंट हैक कर लिया।

इसके बाद ठगों ने उनके अकाउंट से जुड़े करीब 26 हजार लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की डिमांड शुरू कर दी। हालांकि, पूर्व विधायक की सूझबूझ और पानीपत साइबर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते इस बड़े फ्रॉड को रोक दिया गया और फोन व वॉट्सएप को रिकवर कर लिया गया।

कॉल कर पेट्रोल पंप का दिया झांसा
पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार सुबह उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने उनसे पूछा, क्या आप पेट्रोल पंप लेना चाहते हैं? जब पूर्व विधायक ने दिलचस्पी दिखाते हुए इसका पूरा प्रोसेस पूछा, तो शातिर ठग ने चालाकी दिखाई। उसने कहा कि पेट्रोल पंप अलॉट करवाना इतना आसान काम नहीं है कि फोन पर ही सारी डिटेल दे दी जाए।

इसके लिए बकायदा मिलना होगा। ठग ने कहा कि पूरी जानकारी के लिए वह एक दूसरा नंबर दे रहा है, जिस पर वे तुरंत कॉल कर लें। पूर्व विधायक छौक्कर उसके झांसे में आ गए और उन्होंने ठग द्वारा दिए गए नंबर पर डायल कर दिया। कॉल रिसीव तो हुई, लेकिन दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आई। पूर्व विधायक कुछ देर तक ‘हेलो-हेलो’ करते रहे और फिर आवाज न आने पर उन्होंने फोन काट दिया।

ड्राइवर के फोन पर कॉल आने से खुला राज

कॉल कटने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक पूर्व विधायक के फोन पर न तो कोई सामान्य कॉल आई, न कोई मैसेज और न ही कोई वॉट्सएप एक्टिविटी हुई। उन्हें लगा कि नेटवर्क की कोई समस्या होगी। इसी बीच, पूर्व विधायक के ड्राइवर नरेंद्र के मोबाइल फोन पर एक परिचित की कॉल आई।

उस परिचित ने नरेंद्र को बताया कि पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर के वॉट्सएप नंबर से लगातार पैसों की मांग की जा रही है और कुछ बैंक अकाउंट नंबर भेजे जा रहे हैं। यह सुनते ही ड्राइवर और पूर्व विधायक के होश उड़ गए।

साइबर थाना पुलिस ने दोपहर तक की मेहनत

मामले की गंभीरता को देख पूर्व विधायक बिना एक पल गंवाए तुरंत पानीपत के साइबर क्राइम पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस की टेक्निकल टीम तुरंत एक्शन में आई और दोपहर तक कड़ी मशक्कत व तकनीकी टूल्स की मदद से पूर्व विधायक के हैक हुए फोन को सुरक्षित रिकवर किया और उनका वॉट्सएप अकाउंट दोबारा सुचारू रूप से चालू किया।

जब पुलिस और पूर्व विधायक ने वॉट्सएप का डाटा चेक किया, तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। साइबर क्रिमिनल्स ने महज डेढ़ घंटे के भीतर पूर्व विधायक के वॉट्सएप से उनके कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप्स में शामिल करीब 26 हजार लोगों को मैसेज भेजकर बड़ी रकम ऐंठने की कोशिश की थी।