- मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, भिवानी में न्यूनतम तापमान पहुंचा 36.6 पर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गर्मी लगातार लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। बुधवार को भिवानी सबसे गर्म जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं हिसार में 31.2 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 31.3 डिग्री और गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 32.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत के सरागथल स्थित कैनाल रेस्ट हाउस में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना जताई है।
मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले सेहत पर गर्मी का असर बताने वाली ये जरूरी खबर…
टेंपरेचर बढ़ने पर गुस्सा और चिड़चिड़ापन बढ़ता है। कम नींद की समस्या हो सकती है। कई बार काम में फोकस कम हो जाता है। दरअसल ज्यादा टेम्परेचर होने पर शरीर को ठंडा रखने के लिए ज्यादा ऊर्जा खर्च होती है। ब्रेन में फील गुड हॉर्मोन्स का संतुलन बिगड़ जाता है।
आज ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बन रही है। आज (गुरुवार को) भी समूचे प्रदेश में हीटवेव का ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है। नारनौल में सुबह से ही गर्म हवाएं चल रही हैं। वहीं धूल भी उड़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.9 डिग्री ऊपर रहा।
बुधवार को रोहतक था सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 46.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सिरसा में 46.2°C, भिवानी में 46.0°C, अंबाला में 45.8°C, नारनौल में 45.6°C और हिसार में 45.4°C तापमान दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
न्यूनतम भी सामान्य से अधिक
न्यूनतम तापमान की बात करें तो रोहतक में सबसे कम 23.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है।