- 5 दिन में दूसरी बार इजाफा, CM साइकिल से सुखना लेक पहुंचे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इससे हरियाणा में पेट्रोल की कीमत ऑल टाइम हाई पहुंच गई है। 28 मार्च 2022 को पेट्रोल बहादुरगढ़ में ₹100.08 पहुंचा था। अब सिरसा में सबसे ज्यादा ₹100.63 हो गए हैं। अभी प्रदेश में लगभग 98.95 से 99.12 रुपए प्रति लीटर के बीच पेट्रोल बिक रहा था।
वहीं डीजल का भाव भी ₹90 पार हो गया है। अभी डीजल 90.94 से 91.50 प्रति लीटर के आसपास बिक रहा था। एक हफ्ते से भी कम समय में ईंधन के दामों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई 2026 को ही कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
उधर, रेट बढ़ने के बाद सीएम नायब सैनी साइकिल से सुखना लेक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पीएम की अपील के तहत सभी को कम ईंधन यूज करना चाहिए और जितना हो ईवी और साइकिल, बस आदि का उपयोग करना चाहिए।
जानें पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी क्यों
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका में जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं।
हरियाणा में 5 साल बाद पेट्रोल 100 रुपए पार पहुंचा
हरियाणा में पेट्रोल पहली बार जुलाई 2021 में 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंचा था। सिरसा जिले के डबवाली में 10 जुलाई 2021 को पेट्रोल का रेट करीब ₹100.06 प्रति लीटर दर्ज किया गया था, जिसे प्रदेश में पहला “100 पार” मामला माना गया।
इसके बाद मार्च 2022 में कई अन्य शहरों में भी पेट्रोल 100 रुपए के ऊपर पहुंच गया। उदाहरण के तौर पर बहादुरगढ़ में 28 मार्च 2022 को पेट्रोल करीब ₹100.08 प्रति लीटर हो गया था। अब 19 मई 2026 को एक बार फिर सिरसा और पंचकुला समेत कई जिलों में दाम 100 रुपए के ऊपर पहुंच गया है।
CM सैनी बोले- पीएम की अपील पर हमने SOP तैयार की
हरियाणा CM नायब सैनी ने कहा देखिए, देश के प्रधानमंत्री आदरणीय मोदी जी ने पहले ही कहा है कि मिडिल ईस्ट की समस्या आज पूरे वर्ल्ड के सामने खड़ी हुई है और हमे पहले ही सचेत रहने की आवश्यकता है। हम बाहर अगर जाएं, तो हम ट्रेन से जाए, बस का उपयोग करें और ज्यादा EV का उपयोग करें, गाड़ी का कम उपयोग करें, पेट्रोल-डीजल की हम बचत करें, ताकि इस अभियान में जो आदरणीय प्रधानमंत्री ने अपील किया है, उसको गति मिल सके और भारत को मजबूती मिल सके। हमने हरियाणा के अंदर भी अलग से एक SOP तैयार किया है”