May 11, 2026
11 may 13
  • बचाते हुए डिवाइडर पर जा चढ़ी, रेस्ट हाउस की दीवार से टकराई

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के जींद में सोमवार दोपहर डेढ़ बजे रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्री घायल हो गए, जबकि बस ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पंचकूला से नरवाना होते हुए हिसार जा रही थी। हरियल चौक के पास अचानक एक स्कूटी सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने तेज रफ्तार बस को अचानक मोड़ दिया, जिससे वो बस पर नियंत्रण खो बैठा।

तेज रफ्तार बस सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई और पास स्थित हरियल रेस्ट हाउस की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया।

यात्रियों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया

घटना की सूचना मिलते ही नरवाना के डीएसपी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत कार्य शुरू करवाया। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला।

घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

घायलों को तत्काल नरवाना के सरकारी अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और अचानक स्कूटी सवार का सामने आना माना जा रहा है।