May 9, 2026
9 may 8
  • ग्रामीण बोले- लापरवाही बरती गई

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र में नई बनी भूना-ढाणी सांचला सड़क निर्माण में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क के बिल्कुल बीचोंबीच एक पेड़ छोड़ दिया गया है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर पेड़ छोड़ा गया है, वहीं सड़क पर मोड़ भी बना हुआ है।

ऐसे में रात के समय या तेज रफ्तार में आने वाले वाहन ड्राइवरों के लिए यह पेड़ जानलेवा साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पेड़ को हटवाने की मांग की है, ताकि यहां खतरा टाला जा सके।

एक दिन पहले ही करवाया गया निर्माण

ग्रामीण प्रवीण कुमार, विकास कुमार, कृष्ण कुमार व अन्य ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के कुछ हिस्से का निर्माण कार्य एक दिन पहले ही पूरा हुआ है। सड़क बनने के बाद जब लोगों ने यहां से आवाजाही शुरू की, तो बीच सड़क में खड़े पेड़ को देखकर हैरानी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की ओर से इस गंभीर समस्या की अनदेखी की गई है।

पेड़ पर लगाई गई टेप

हालांकि, पेड़ पर टेप लगाई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर मोड़ होने के कारण सामने से आने वाला वाहन अचानक दिखाई देता है। ऐसे में पेड़ के कारण वाहन ड्राइवर संतुलन खो सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पेड़ को सड़क से हटाया जाए या फिर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

सरपंच बोले- वन विभाग से मांगी अनुमति

सरपंच राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस सड़क का निर्माण जिला परिषद की ओर से करवाया गया है। पेड़ काटने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अभी तक अनुमति मिली नहीं है। जिला परिषद और ग्राम पंचायत दोनों ने लेटर लिखा हुआ है।