- डोप टेस्ट में शामिल न होने का कारण पूछा, 7 मई तक जवाब देने को कहा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) ने रेसलर विनेश फोगाट को डोपिंग टेस्ट में शामिल न होने के कारण नोटिस भेजा है। ITA ने 18 दिसंबर 2025 को उन्हें बेंगलुरु में डोप टेस्ट के लिए बुलाया था, लेकिन वे उस समय उपलब्ध नहीं थीं।
4 मई को जारी नोटिस में कहा गया है कि विनेश ने पिछले एक साल में पहली बार “व्हेयरअबाउट्स” नियम तोड़ा है। विनेश को 7 मई तक जवाब देने को कहा गया है।
विनेश फोगाट को अभी सिर्फ चेतावनी दी गई है, लेकिन अगर विनेश एक साल में तीन बार टेस्ट मिस करती हैं या अपनी जानकारी नहीं देती हैं, तो उन पर दो साल तक का बैन लग सकता है।
ट्रैवलिंग के कारण टेस्ट नहीं दिया
विनेश का जो डोप टेस्ट होना था वह आउट ऑफ कॉम्पिटीशन था। यह टेस्ट प्रतियोगिता के दौरान नहीं, बल्कि ऑफ सीजन यानी प्रतियोगिता से अलग सामान्य समय में किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खिलाड़ी किसी भी तरह के प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन नहीं कर रहे हैं। पहलवानों के समय-समय पर आउट ऑफ कॉम्पिटीशन टेस्ट किए जाते हैं।
व्हेयरअबाउट्स नियम के तहत खिलाड़ियों को यह बताना होता है कि वे कहां रहेंगे ताकि डोपिंग एजेंसी उन्हें टेस्ट के लिए ढूंढ सके। अगर खिलाड़ी बताए गए पते पर नहीं मिलते हैं, तो इसे नियम का उल्लंघन माना जाता है।
विनेश ने बताया था कि वह हरियाणा में जुलाना से कांग्रेस विधायक हैं। 18 दिसंबर 2025 को वह विधानसभा के शीतकालीन सत्र में जाने के लिए बेंगलुरु से चंडीगढ़ की यात्रा कर रही थीं। उन्होंने अपनी नई पारिवारिक जिम्मेदारियों और हाल ही में हुए बच्चे के जन्म का भी हवाला दिया। विनेश ने कहा कि व्यस्तता के कारण वे अपनी लोकेशन अपडेट नहीं कर पाईं। विनेश ने 19 जनवरी 2026 को अपना जवाब भेजा था।
पेरिस ओलिंपिक में खेला आखिरी मुकाबला
विनेश फोगाट ने 2024 में पेरिस ओलिंपिक में अपना आखिरी कुश्ती मैच खेला था। विनेश ने 50 किग्रा वेट कैटेगरी में 6 अगस्त 2024 को एक ही दिन में 3 मैच खेले थे। सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर को पटखनी दी। फाइनल खेलने से पहले वजन की जांच की गई तो उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा निकला। इसके बाद उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया। विनेश फोगाट ने 8 अगस्त 2024 को कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।
12 दिसंबर 2025 को विनेश ने संन्यास वापस लेने का ऐलान करते हुए कहा था कि वह 2028 में लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में हिस्सा लेना चाहती हैं।
3 मई को बृजभूषण पर लगाए थे आरोप
3 मई 2026 को विनेश फोगाट ने वीडियो जारी कर भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए थे। विनेश ने कहा, यूपी के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट हो रहा है। आज कुछ मजबूरियों के चलते मैं कहना चाहती हूं कि बृजभूषण शरण के खिलाफ कंप्लेंट करने वाले उन 6 विक्टिम में मैं भी शामिल हूं।
आगे कहा- मेरी गवाही भी कोर्ट में चल रही है। मेरा उसके घर (गोंडा) में जाकर कॉम्पिटीशन लड़ना मुश्किल होगा। मुझे नहीं लगता कि मैं अपना 100% दे पाऊंगी। एक लड़की के लिए ये काफी मुश्किल होगा। मैं और मेरी टीम कॉम्पिटीशन लड़ेगी, अगर किसी के साथ कुछ गलत होता है तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।