May 6, 2026
6 may 11
  • नूंह में नोटों की माला पहनाने और गड्डियां उड़ाने पर विवाद
  • लात-घूंसे चले, छत से पथराव

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के नूंह में साले के निकाह में दो जीजा आपस में भिड़ गए। नोटों की माला और आतिशबाजी को लेकर शुरू हुआ टकराव इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और पत्थरबाजी तक हो गई। गनीमत रही कि इस हंगामे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

घटना नहेदा गांव की है। यहां मंगलवार को पप्पू कुरैशी के बेटे का निकाह था। इसमें पूरा परिवार तो शामिल था ही, साथ में नाते-रिश्तेदार भी खुशी में शामिल होने पहुंचे थे। मारपीट और पत्थरबाजी की शिकायत पुलिस को नहीं पहुंची है, इस कारण कोई केस दर्ज नहीं किया जा सका। हालांकि, पथराव और मारपीट से जुड़े वीडियो जरूर सामने आए हैं।

सलाम की रस्म में हुआ विवाद

नहेदा निवासी पप्पू कुरैशी के बेटे अरमान की बारात पलवल जिले के आली मेव जानी थी। बारात रवानगी से पहले ‘सलाम’ की रस्म चल रही थी। बड़े जीजा नदीम ने दूल्हे अरमान को नोटों की माला पहनाई, लेकिन तभी छोटे जीजा बूल्लर ने छत पर चढ़कर आतिशबाजी के साथ नोटों की गड्डियां उड़ानी शुरू कर दीं। बड़े जीजा को यह अपना अपमान लगा और बात बढ़ गई।

दोनों जीजाओं के समर्थन भिड़े

मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक मोड़ ले लिया। दोनों जीजाओं के समर्थक आमने-सामने आ गए। शादी वाले घर में जहां खुशियां गूंजनी चाहिए थीं, वहां चीख-पुकार और पथराव होने लगा। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ।

बिरादरी में हुआ राजीनामा

घटना के बाद शादी की गरिमा बनाए रखने के लिए समाज के मौजिज लोगों ने दखल दिया। दोनों पक्षों के बीच बिरादरी के स्तर पर बातचीत हुई और राजीनामा करा दिया गया। पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है, जिसके चलते फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।

मेवात में दिखावे का जोर

मेवात क्षेत्र में शादियों के दौरान नोटों वाली माला पहनना और पैसे लुटाना एक स्टेटस सिंबल बन चुका है। कई बार लोग अपनी हैसियत दिखाने के लिए भारी ब्याज पर पैसा लेकर या मालाएं किराए पर लाकर यह दिखावा करते हैं। जिस युवक अरमान की शादी थी, वह जयपुर में फल-फ्रूट की रेहड़ी लगाता है।

SHO बोले- शिकायत नहीं मिली, जांच कराएंगे

नहेदा गांव थाना बिछोर के अंतर्गत आता है। इस घटना को लेकर जब थाना प्रभारी राजवीर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आपसी विवाद, झगड़े के संबंध में किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। वे मामले की जांच कराएंगे।