- हिसार में रात को ओले गिरे, 7°C लुढ़का तापमान, मई में मार्च जैसा मौसम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में आज (5 मई) को भी कई जिलों में मौसम खराब है। पंचकूला और फतेहाबाद के टोहाना और कैथल के राजौंद में सुबह बूंदाबांदी हुई। करनाल, भिवानी, फतेहाबाद और हिसार में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना है।
सोमवार रात को हिसार में तेज बारिश हुई। यहां आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला, किरमारा और खेदड़ एरिया में ओले भी गिरे। इसके अलावा सिरसा और फतेहाबाद में भी हल्की बारिश देखने को मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज और कल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा बारिश करनाल में 60.5 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा, यमुनानगर में 38.5 मिमी, हिसार में 32.6 मिमी और जींद में 19.5 मिमी बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण हरियाणा में अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7°C नीचे पहुंच गया है। मई में मार्च जैसा मौसम बना हुआ है।
जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…
4 जिलों में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे
मंगलवार को औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। हालांकि, यह राज्य में सामान्य से -3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रोहतक में दर्ज किया गया। सिरसा में 18.8 डिग्री, हिसार में 19.6 डिग्री और नारनौल में 19 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
सिरसा में सबसे ज्यादा 35 डिग्री तक पहुंचा पारा
प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7°C कम दर्ज किया गया है। 4 मई को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 35.2°C रहा, जो आमतौर पर इस समय रहने वाले 40°C के स्तर से काफी नीचे है। हिसार जैसे जिलों में पारा सामान्य से 9.6°C तक गिरकर 31.1°C पर पहुंच गया। बादल और बारिश के कारण दिन के समय ‘हीटवेव’ का असर लगभग खत्म हो गया है।