- हरियाणवी पहनावे में इस बार लड़कियां अंडरपास में नाचती दिखाईं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज: बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह ने विवाद के बाद हरियाणवी सॉन्ग ‘टटीरी फिर से’ रिलीज कर दिया है। बादशाह ने गाने में विवादित सीन और लाइनों को हटा दिया है। जिस लाइन पर सबसे ज्यादा विवाद हुआ, उसकी जगह बादशाह ने रैप में बोला है- ‘आया बादशाह रंग दिखाने, फिर जलवा दिखाने’।
रोडवेज बस के सीन को हटाकर लड़कियों को हरियाणवी पहनावे दामन-कुर्ती में एक अंडरपास में नाचते हुए दिखाया गया है। कुछ बुजुर्गों को भी हुक्के के साथ दिखाया गया है। यूट्यूब पर इस सॉन्ग पर अभी तक एक मिलियन व्यूज आ चुके हैं।
पिछले महीने एक मार्च को रिलीज हुए ‘टटीरी’ सॉन्ग में बोले गए शब्दों और सीन को लेकर हुए विवाद पर बादशाह पर पंचकूला और जींद में तीन मामले दर्ज किए गए। इसके बाद यूट्यूब से ये गाना हटा दिया गया था। हरियाणा महिला आयोग ने भी बादशाह को पेश होने के लिए कहा था। 7 मार्च को बादशाह ने राष्ट्रीय महिला आयोग में पेश होकर माफी मांग ली थी।
एक मार्च को रिलीज हुआ, 3 एफआईआर दर्ज हुई
बादशाह का टटीरी सॉन्ग 1 मार्च को रिलीज हुआ था। सॉन्ग के रिलीज होने के साथ ही इसमें बादशाह के लिरिक्स और लड़कियों के सीन को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई। पानीपत की नारी तू नारायणी उत्थान समिति अध्यक्ष सविता आर्या ने बादशाह के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर जींद और पंचकूला में बादशाह के खिलाफ 3 FIR दर्ज हुई। इसके बाद पंचकूला पुलिस ने सॉन्ग को यूट्यूब से हटवा दिया।
आयोग के सामने पेश न होने पर गिरफ्तारी के आदेश
इसके बाद हरियाणा महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया था। 13 मार्च हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने सिंगर को पानीपत में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया। बादशाह की जगह पेश हुए उनके वकीलों ने दलील दी थी कि बादशाह सिक्योरिटी रीजन और प्रोफेशनल कमिटमेंट की वजह से पेश नहीं हो सके। इसके बाद चेयरपर्सन ने पंचकूला और पानीपत SP को बादशाह की गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्ती के निर्देश दिए।
सिंगर ने पंचकूला थाने में रखा पक्ष
इसके बाद सिंगर बादशाह ने पंचकूला पुलिस की जांच में शामिल होकर अपना पक्ष रखा था। पूछताछ के बाद सिंगर को बेल पर छोड़ दिया गया था। पंचकूला साइबर थाना SHO युद्धवीर ने बताया था कि सभी धाराएं जमानती हैं। उनसे करीब एक घंटे तक पूछताछ की गई थी।
बादशाह ने वीडियो शेयर कर मांगी थी माफी
विवाद के बाद बादशाह ने वीडियो बनाकर माफी मांगी थी। उन्होंने वीडियो में कहा था- ‘मेरा टरीरी गाना जब से रिलीज हुआ है तब से इसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स को और विजुअल रिप्रेजेंटेशन की वजह से जो मैसज गया, उससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची। मेरा इरादा नहीं था कि मैं किसी बच्चे या महिला के बारे में बेहुदी बात करूं। मैं उम्मीद करता हूं कि मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ करेंगे।’
महिला आयोग के सामने पेश होकर मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने कहा कि यह महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। इस मामले में बादशाह और निर्देशक जोबन संधू, महावीर सिंह और निर्माता हितेन 7 अप्रैल को आयोग के सामने आए। बादशाह ने माफी मांगी और वादा किया कि वे 4 महीने में एक अच्छा गाना बनाएंगे और गरीब परिवारों की 50 लड़कियों की पढ़ाई का खर्चा भी उठाएंगे।
गाने में कैथल की सिमरन की भी आवाज
टटीरी सॉन्ग में फीमेल वोकल कैथल की सिमरन जागलान के हैं। सिमरन, हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी की बेटी हैं, जिन्होंने फेमस हरियाणवी सॉन्ग ‘पानी आली पानी प्यादे’ गाया है। सिमरन एक बॉक्सर भी हैं और स्टेट चैंपियन रह चुकी हैं। अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए वह सिंगिंग भी कर रही हैं। तीन साल पहले बनाए गए ‘टटीरी’ गाने पर बादशाह की नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसका रीमिक्स वर्जन बनाया।