May 3, 2024

हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता और जनता का सम्मान मेरे लिए सर्वोपरि है। मेरा घर और सीएमओ के दरवाजे सदा जनता की सेवा के लिए खुले हैं।

उन्होंनें कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है और आप लोगों के आशीर्वाद से मैं इस जिम्मेदारी पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि सरकार 100 प्रतिशत अपनी जिम्मेदारी पर खरा उतरते हुए लगातार जनसेवा का काम करती रहेगी।

गुरुवार को अंबाला के दशहरा मैदान रामबाग में विजय संकल्प रैली में बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि 10 सालों से डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश को नई दिशा दी है। यहां श्री सैनी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कांग्रेस का मकसद विकास नहीं भ्रष्टाचार है, जबकि भाजपा का लक्ष्य विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाने का है।

उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस बार भी हरियाणा की दसों लोकसभाओं में कमल खिलेंगे। रैली को मंत्री असीम गोयल और भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया ने भी संबोधित किया।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश के अंदर एक नया इतिहास लिखा है। हरियाणा के अंदर गुड गर्वनेंस के जरिए मूलभूत सुविधाएं घर-घर तक पहुंचाई है और जनता का जीवन सरल बनाया है। सैनी ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गर्व है। पीएम मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

देश और प्रदेश की तरक्की तेजी से हुई है। नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि बूथों पर जाकर डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेंगे तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा होगा।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास लोकसभा चुनाव में कहने के लिए और करने के लिए कुछ नहीं है। कांग्रेस सिर्फ झूठा प्रलोभन देकर लोगों में भ्रम फैलाने में लगी हुई है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूआत कर बेटियों को बचाने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि आज लाखों बेटियों की जान बची है।

केंद्र और प्रदेश की सरकार ने उन बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई हैं। 10 सालों में मोदी सरकार ने चार करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। महिलाओं को प्रशिक्षित करके मोदी सरकार ने नमो ड्रोन के साथ जोड़कर आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है।

नायब सैनी ने कहा कि मोदी सरकार गरीब और किसान हितैषी सरकार है। देश के चार करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान बनाकर उनकी चॉबी मोदी सरकार ने सौंपी है।

कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन को जनता भूली नहीं है। जनता यह भी  नहीं भूली है कि तीन-तीन दिनों तक बारिश में भी गैस सिलेंडर भरवाने के लिए लाइनों में खड़ा रहना पड़ता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *