May 9, 2024
शहर में घूम रहे बेसहारा गोवंशों को पकड़ने के लिए नगर निगम ने अभियान चलाया हुआ है। बुधवार को निगम की टीम ने वार्ड नंबर 14 के पुराना हमीदा की विभिन्न कॉलोनियों से आठ गोवंश आठ पकड़कर गोशाला में पहुंचाया।
बेसहारा गोवंशों को पकड़ने के लिए निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह व जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। वीरवार सुबह निगम के एसआई सुशील की टीम बेसहारा गोवंशों को पकड़ने जोन दो के वार्ड नंबर 14 के पुराना हमीदा पहुंची।
टीम में एसआई सुशील, एसआई बिट्टू, एएसआई सुमित लाठर, सुपरवाइजर रणबीर, ईशांक व अन्य कर्मचारी शामिल थे। टीम ने पुराना हमीदा में विभिन्न स्थानों से आठ बेसहारा गोवंशों को पकड़ा। निगम कर्मियों ने रस्सियों के माध्यम घेरा डालकर गोवंशों को पकड़ा। इसके बाद उन्हें निगम के वाहन में चढ़ाया।
गोवंशों को पकड़ने के बाद उन्हें गौशाला पहुंचाया गया। एसआई सुशील ने बताया कि निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर बेसहारा पशुओं को पकड़ने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर में घूमने वाले सभी बेसहारा पशुओं को पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी शहरवासी गोवंशों का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें खुले में न छोड़े।
यदि कोई गोवंश खुले में छोड़ता है तो उस पर 51 सौ रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें शहरी क्षेत्र में कहीं भी कोई बेसहारा पशु दिखाई दे तो उसकी फोटो खींचकर पते या लोकेशन समेत निगम के व्हाट्सएप नंबर 7082410524 पर भेजे। निगम की टीम को तुरंत मौके पर भेजकर बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशाला पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निगम द्वारा जो बेसहारा गोवंश पकड़कर गोशाला में छोड़े जाते है, उसके लिए नगर निगम द्वारा प्रति पशु के हिसाब से चारा खर्च गोशाला कमेटी को दिया जाता है। पशु पकड़ते समय उस पर निगम की ओर से टैग लगाया जाता है।
यदि टैग वाला पशु दोबारा खुले में मिलता है तो संबंधित गोशाला पर भी जुर्माना लगाया जाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वह इस्तेमाल के बाद गोवंश को खुले में न छोड़े। गोवंश खुले में छोड़ने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *