April 27, 2024

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जीत के लिए मैदान में उतरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी हाईकमान की ओर से राज्य की सभी दस लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया जाएगा। इस दौरान सैलजा ने केंद्र व राज्य सरकार पर भी निशाना साधा।

सैलजा मंगलवार को यमुनानगर जाते समय अंबाला के पार्टी नेताओं के साथ मुलाकात कर रही थी। उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि हिंदुस्तान एक ऐसा देश बन चुका है जहां सरकारी तंत्र की चाबियां भाजपा के हाथ में हैं।  यहां ईडीआईटी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का उपयोग निजी लाभ के लिए किया जा रहा है।

पिछले दस सालों में मोदी सरकार ने इन संस्थाओं का इस्तेमाल प्राइवेट कंपनियों से वसूली के लिए किया है। योजनाबद्ध तरीके से किया गया यह भ्रष्टाचार लोकतंत्र की नींव के लिए खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि आइए हम इस भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के खिलाफ आवाज उठाएं और अपने लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हों।

देश में विरोधी पार्टियों के विरूद्ध द्वेष भाव से कार्रवाई की जा रही है। लोकतांत्रिक सिस्टम से कार्रवाई होनी चाहिए वो चाहे किसी अन्य पार्टी में हो या फिर भाजपा में। कोई नेता अगर बीजेपी में चला जाता है तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए  सैलजा ने कहा कि अंबाला में जल्द ही पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी हाईकमान उन्हें अंबाला से मैदान में उतारता है तो निसंदेह वे पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगी।  सैलजा ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए जो भी पार्टी हमारा साथ देगी उनको कांग्रेस इंडिया गठबंधन के तहत साथ लेकर चलेगी।

उन्होंने कहा कि आज देश में सबसे बड़ा मुद्दा लोकतंत्र को बचाने का है। इसमें जो भी पार्टी हमारा साथ देगी उसको साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा इलेक्टोरल बोंड से 8252 करोड रुपए वसूल रही थी और देश की खुशियां उजड़ रही थी। धंधा बचाए रखने के लिए अंबानी की सिस्टर कंपनी ने 33 करोड़ का मुनाफा कमाकर भाजपा को 375 करोड़ चंदा दिया।

इसी प्रकार केवेंटर फूड पार्क ने भाजपा को 353 करोड़ रुपए का चंदा दिया। भारती एयरटेल ने 100 करोड़ के घाटे के बावजूद भाजपा को 236 करोड़ रुपए का चंदा दिया। उन्होंने कहा कि यह सब दर्शाता है कि भाजपा सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल करके कमाई कर रही है। जो कोई कंपनी भाजपा को मोटा चंदा नहीं देती हैउसके खिलाफ एजेंसियों से रेड करवाई जाती है जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।

कांग्रेस पार्टी भाजपा के इस सिस्टम के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है जिसमें जनता का सहयोग जरूरी है। इस दौरान कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट रोहित जैनपूर्व निगम सदस्य परविंद्र सिंह परीतरुण चुघसुरजीत सिंह पंजोखरा समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को लोकसभा चुनाव में जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही। एडवोकेट रोहित जैन ने  कुमारी सैलजा को आश्वस्त किया कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी वे पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ उसे  निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *