May 15, 2024

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने शहीदी दिवस पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सुशील गुप्ता के चुनाव प्रचार अभियान का श्री गणेश गांव खेड़ी मारकंडा से किया। इसके बाद गांव मझाड़ा, प्रतापगढ, कसेरला सिरसाला, रतनडेरा, हरियापुर और ज्योतिनगर में चुनावी सभाओं को संबोधित करके इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सुशील गुप्ता को विजय बनाने की अपील की।

इन जनसभाओं को इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन सचिव सुभाष पाली, चंद्रभान वाल्मीकि, रणबीर बूरा, सुरेंद्र सैनी भिवानीखेड़ा, तरसेम हरियापुर, आप जिला प्रधान विशाल खुब्बर, आप लोकसभा प्रधान सुमित हिंदुस्तानी, पवन चौधरी सहित अनेक नेताओं ने संबोधित करते हुए सुशील गुप्ता के पक्ष में वोट देने की अपील की।

अशोक अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि आज बड़ा ही ऐतिहासिक दिन है। जिस दिन शहीद भगत सिंह,राजगुरु और सुखदेव ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया था। इन शहीदों का सपना था अपना देश आजाद होगा अपना राज होगा और अपना संविधान होगा और देश खुशहाल होगा। लेकिन आज भाजपा के राज में देश का संविधान खतरे में है।

बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान को खतरा है। देश में प्रजातंत्र को पांव तले कुचला जा रहा है। जनता को उसके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। इन हालात में कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के तहत सभी विपक्षी दलों को इकट्ठा करके चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

कुरुक्षेत्र लोकसभा से आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा वह देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए भारी बहुमत से सुशील गुप्ता को विजय बनाकर लोकसभा में भेजें। उन्होंने कहा विपक्षी दल का जो भी नेता सरकार के खिलाफ बोलता है उसे जेल में डाल दिया जाता है। आज चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी के खाते फ्रीज कर दिए गए।

इस बार का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है और ये चुनाव देश के संविधान और प्रजातंत्र को बचाने का चुनाव है। क्योंकि आज की मौजूदा सरकार का प्रजातंत्र में कोई विश्वास नहीं है। भाजपा सरकार का लोकतंत्र में नहीं लाठतंत्र में विश्वास है। सरकार के खिलाफ कोई भी बोलता है तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं।

हरियाणा में भाजपा सरकार ने सरपंचों, किसानों, युवाओं और आशा वर्करों पर लाठियां भांजी। कल जब आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करने कुरुक्षेत्र में सीएम आवास पर गए तो डॉ. सुशील गुप्ता और इनके कार्यकर्ताओं को भी लाठियां मारी।

हरियाणा में जब मनोहर लाल की सरकार पूरी तरह विफल रही। तो चेहरा बदल कर नायब सैनी को मुख्यमंत्री बना दिया गया। लेकिन चेहरा बदलने से काम नहीं चलेगा पूरी सरकार ही बदलना पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *