May 5, 2024

इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी हरियाणा की राजनीति में एक चर्चित चेहरा रहे हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के करीबी माने जाते थे।

पार्टी में वह मजबूत पकड़ रखते थे। वह एक जाट नेता थे और बहादुरगढ़ के जाटवाड़ा गांव से ताल्लुक रखते थे। बहादुरगढ़ विधानसभा सीट से ही वह दो बार विधायक रहे हैं।

राजनीति से पहले नफे सिंह नेवी में भी पोस्टेड रहे हैं। वे कुश्ती भी खेल चुके हैं। हाल ही में वे टर्की में कुश्ती से जुड़े एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। जिसकी उन्होंने एक पोस्ट भी शेयर की थी।

उन्होंने लिखा था कि तुर्की में आयोजित छठे ईथनोस्पोर्ट फोरम में इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया का अध्यक्ष होने के नाते आयोजन में हिस्सा लिया और किस प्रकार अपने देश के खेल, मिट्टी की कुश्ती को बढ़ावा मिले, इस बारे में अपने विचार रखे।

नफे सिंह राठी ने पहली बार समता पार्टी की टिकट पर 1996 में विधानसभा का चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी।

इसके बाद वह साल 2000 में इंडियन नेशनल लोक दल की टिकट पर दूसरी बार विधायक बने। वह बहादुरगढ़ म्युनिसिपल काउंसिल के दो बार अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

इनके अलावा नफे सिंह ऑल इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के भी अध्यक्ष रहे हैं। वह पूर्व सीएम ओपी चौटाला और अभय चौटाला के विश्वसनीय माने जाते थे।

INLD में फूट के बाद भी नफे सिंह ने ओपी चौटाला परिवार का साथ नहीं छोड़ा। दुष्यंत चौटाला के पार्टी से अलग होकर अपनी पार्टी बनाने के वह विरोधी रहे और उनकी काफी आलोचना भी की थी।

नफे सिंह हाल के दिनों में पार्टी की ‘परिवर्तन यात्रा’ की अगुवाई कर रहे थे। वह पार्टी में काफी सक्रिय रहते थे। कहा जाता है कि वह जमीन से जुड़े हुए नेता थे और अक्सर कार्यकर्ताओं के साथ देखे जाते थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *