May 18, 2024

गणतंत्र दिवस पर आज घरौंडा अनाज मंडी में विधायक हरविंद्र कल्याण ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया।

विधायक ने इस अवसर पर कहा कि आज वे स्वतंत्रता संग्राम के उन अमर सेनानियों को नमन करते हैं जिनके बलिदानों की बदौलत हमें गणतंत्र दिवस मनाने का गौरवशाली अवसर मिला है।

74 वर्ष पूर्व आज ही के दिन देश में संविधान लागू हुआ जिसके कारण सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला आज वे बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को भी नमन करते हैं।

स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत में ‘पूर्ण स्वराज्य’ के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकार ने जन सेवा और जनता के बीच दीवार बन चुकी व्यवस्था को बदलने का काम किया है। ऐसी व्यवस्था बनाई गई है जिससे लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हो।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय भावना के अनुरूप सभी परिवारों के पहचान पत्र बनाए गए है। आज बुजुर्गों,  दिव्यांगों को घर बैठे पेंशन प्राप्त हो रही है। किसानों को उनकी फसल का भुगतान कम्प्यूटर की एक क्लिक से सीधे खाते में पहुंच जाता है।

कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा प्रणाली शुरू की गई है। राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया गया है। गरीबों का अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाने का सपना साकार करने के लिए चिराग योजना शुरू की है।

कल्याण ने कहा कि सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में भी ई-गवर्नेंस के जरिये क्रांतिकारी बदलाव किए हंै। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर ‘पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना’ आरंभ की है।

फसलों की खरीद को सुविधाजनक बनाने के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल शुरू किया गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। प्रदेश में युवाओं को मेरिट पर नौकरियां दी जा रही है।

गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 76 नए कॉलेज खोले गए है जिनमें से आधे लड़कियों के हैं।

राज्य में 33 हजार किमी लंबी सडक़ों का सुधार और लगभग 7 हजार किमी सडक़ों का निर्माण किया गया है। प्रदेश सरकार शहरों और कस्बों में आधारभूत संरचना मजबूत करने पर जोर दे रही है। करनाल, गुरूग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला को स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *