May 18, 2024

मनोहर लाल ने घोषणा करते हुए कहा कि लोगों की मांग आ रही थी कि बिजली के बिल दो महीने की बजाय हर माह आने चाहिएं। इसके लिए अब पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 1 फरवरी से 4 जिलों नामतः हिसार, महेंद्रगढ, करनाल और पंचकूला में मासिक बिल आयेंगे। शुरुआत में मीटर रीडिंग लेने के लिए निगम की ओर से कर्मी जाएंगे। उसके बाद उपभोक्ता स्वयं मोबाइल ऐपलिकेशन के माध्यम से मीटर की रिडिंग भेजा करेंगे। इससे व्यवस्था में और सुधार आएगा और लोगों को लाभ मिलेगा।

श्री मनोहर लाल ने देश की आजादी में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा सन् 1962, 1965, 1971 युद्ध और कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों, अन्नदाता किसान, मेहनतकश कामगार और देश की जनता ने मिलकर इस देश को दुनिया की एक बहुत बड़ी शक्ति बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1950 में संविधान लागू तो हुआ, लेकिन वर्षों तक इस गणतंत्र का आभास जनता को हो नहीं पाया। यह जनता का शासन है, जनता के द्वारा है और जनता के लिए है, ये सब बातें सिर्फ कही गई, लेकिन देश की आजादी के बाद लगभग 60 साल तक भी लोगों को गणतंत्र का लाभ नहीं हुआ। बल्कि एक ही परिवार ने देश की शासन व्यवस्था को चलाया। वर्ष 1975-1977 के बीच जब आपातकाल लगा  और उस दौरान हुए अत्याचारों ने देश की जनता को जागरूक किया और पहली बार जनता ने जब शासन व्यवस्था बदली, तब इस गणतंत्र का लोगों को आभास हुआ।

श्री मनोहर लाल ने कहा कि देश लगातार प्रगति कर रहा है। कृषि के नाते से जनता का भरण पोषण करने का काम विशेष तौर पर हरियाणा और पंजाब और उत्तरी भारत के किसानों ने करके दिखाया। देश के अंदर उन्नत प्रौद्योगिकी का विकास हो रहा है और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 तथा आदित्य-एल 1 मिशन के माध्यम से सूर्य तक भी भारत ने अपनी पहुंच बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *