April 29, 2024
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी अपने जिला यमुनानगर के दौरे के अंतर्गत सढौरा विधानसभा क्षेत्र के गांव तलाकोर पहुंचे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी के गांव तलाकोर पहुंचने पर उनका स्वागत पूर्व विधायक बलवंत सिंह सढौरा, जिला परिषद चेयरमैन रमेशचंद ठसका, नगरपालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया व भाजपा नेताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा राज्य भाजपा सरकार असमर्थ और वंचित वर्गों के व्यक्तियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और समाज में सामाजिक व आर्थिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
सरकार का प्रयास है कि अंत्योदय परिवार के सदस्यों का कौशल विकास हो ताकि वे अपना स्वयं का काम शुरू करने में सक्षम बनें। इसके लिए गरीब परिवारों को ऋण स्कीमों, कौशल विकास स्कीमों और निजी या विभिन्न विभागों में रोजगार और दूसरी सुविधाओं के साथ जोड़ा गया है।
समाज का एक बहुत बड़ा तबका पिछली विपक्षी सरकार के दौरान उपेक्षित था। उसे वर्तमान भाजपा सरकार ने विकास की धारा से जोड़ा है और सरकारी खजाने के दरवाजे उसके लिए खोल दिए हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीब कल्याण में नए आयाम स्थापित किए है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक को वास्तव धरातल पर लागू किया है। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष व लोकसभा सांसद नायब सैनी ने भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं को देवतुल्य की संज्ञा देते हुए सिर झुकाकर प्रणाम किया।
उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी में उनकी योग्यतानुसार समय-समय पर अनेक दायित्व सौंपे, जिस पर उन्होंने हमेशा खरा उतरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से कार्य करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 10 सीटों पर विजय दर्ज करेगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनेगी।
पूर्व विधायक बलवंत सिंह सढौरा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी को प्रदेश भाजपा के लिए नायाब हीरा बताया। उन्होंने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी में ही छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़े से बड़ा दायित्व मिल सकता है।
पूर्व विधायक बलवंत सिंह सढौरा ने कहा कि पार्टी में क्षमता व योग्यता के अनुसार कार्यकर्ताओं को दायित्व मिलता है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी को सरकार व संगठन का पूरा अनुभव है तथा उनके नेतृत्व में पार्टी और तेजी से आगे बढ़ेगी तथा पार्टी को ताकत मिलेगी।
जिला परिषद चेयरमैन रमेश चंद ठसका ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने समाज कल्याण के नए योग का सूत्रपात किया है, मुख्यमंत्री मनोहर लाल पंक्ति में खड़ी अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए योजनाएं बना रहे हैं, सरकार की योजना का हक पहले गरीब व्यक्ति को मिले ताकि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति का जीवन खुशहाल सुख समृद्ध हो सके ऐसी हरियाणा सरकार व भारतीय जनता पार्टी की सोच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *