May 13, 2024

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें पन्ना प्रमुख से लेकर कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन सकता है, ऐसा किसी भी पार्टी में नहीं हो सकता।

विपक्षी पार्टियों को निशाने पर लेते हुए श्री विज ने कहा कि दूसरे दल तो सिर्फ कुनबा या फिर गैंग है। उन पार्टियों में मुख्यमंत्री का बेटा ही मुख्यमंत्री बनता है। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों में आंतरिक प्रजातंत्र नहीं है तो ऐसे में ये देश के प्रजातंत्र को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं।

अनिल विज ने कहा कि यह समय तुलनात्मक अध्ययन करने का है। नायब सैनी ऐसे समय में प्रदेश अध्यक्ष बनें जब सभी पार्टियां चुनावों की तैयारियां कर रही हैं। लोगों ने कांग्रेस समेत दूसरी विपक्षी पार्टियों का भ्रष्टाचार देखा और इन नौ सालों में भाजपा का पारदर्शिता और अंत्योदय को समर्पित शासन भी देखा है।

बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नितिश कुमार के महिलाओं पर दिए गए बयान पर बोलते हुए अनिल विज ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने नीचता की प्रकाष्ठा को पार कर दिया।

विधानसभा में घिनौनी बातें जो उन्होंने की है उससे उनकी मानसिकता कैसी होगी यह दर्शाती है। ऐसी गंदी बात कहने वाले व्यक्ति को संवैधानिक पद पर नहीं होना चाहिए। बिहार के सभी विधायकों को चाहिए के वे दलगत राजनीति से उपर उठकर बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव लाएं और उन्हें सीएम पद से हटाएं।

इंडी गठबंधन और कांग्रेस नेताओं की सोच पर निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा कि कांग्रेसी व इंडी गठबंधन में शामिल नेता घिनौनी हरकतें और बातें करते हैं। राहुल गांधी लोकसभा में फ्लाईंग किस करता है, आंख मारता है।

कैसे-कैसे लोगों का कुनबा इंडी गठबंधन में एकत्रित हो गया। अनिल विज ने कहा कि भाजपा महिलाओं का सम्मान करने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को धूआं से मुक्ति दिलाई। हर घर नल से जल देकर दूर-दूर से पानी लाने से राहत पहुंचाई। महिलाओं के हक में नारी शक्ति वंदन बिल लाकर लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण दिया।

गृहमंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता रात में टी पार्टी करते हैं और दिन में आकर लड़ते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे दूसरे राज्यों में जाकर बोलते हैं दिल्ली का मॉडल दूंगा, क्या है दिल्ली का मॉडल? आम आदमी पार्टी के दो मंत्री और एक सांसद जेल में बंद है और अब केजरीवाल का क्या होगा भगवान ही जानें!

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी गृहमंत्री अनिल विज ने निशाना पर लिया। उन्होंने कहा कि श्री हुड्डा आज अपनी-अपनी ढपली और अपना-अपना राग अलाप रहे हैं। जिस भी दिन हुड्डा कोई घोषणा करते हैं तो उसे अगले ही दिन अखबार में हुड्डा के विरोध में श्रीमती शैलजा का बयान आ जाता है।

कांग्रेस के पार्टी अध्यक्ष भी कहते हैं कि यह फैसला हमने नहीं लिया। श्री विज ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोगों को गुमराह कर रहे हैं और सीएम बनने का सपना देख रहे हैं जो कभी पूरा होने वाला नहीं है। हुड्डा की सरकार में इतने पाप हुए हैं कि हरियाणा की जनता कभी भूल नहीं सकती।

गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि अब नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी की अगुवाई में होने वाले लोकसभा चुनाव में हरियाणा की दस की दस सीटों पर कमल खिलेगा और केंद्र तथा हरियाणा में भी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार का होना जरूरी है। इस मौके पर श्री विज ने मोदी- मनोहर सरकार की उपलब्धियां भी बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *