May 17, 2024

हरियाणा/भव्या नारंग: मौसम विभाग ने हरियाणा के छह जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में उत्तर हरियाणा के पंचकूला, करनाल, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, और कैथल शामिल हैं। अन्य जिलों जैसे  महेंद्रगढ़, भिवानी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, सिरसा, पलवल, रेवाड़ी, फरीदाबाद,  सोनीपत, पानीपत और  फतेहाबाद, हिसार, जींद, चरखी दादरी में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।

प्रदेश में एक जुलाई से अब तक 205.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 58% ज्यादा है। मानसून सीजन में 1 जून से 27 जुलाई तक 286 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 55% अधिक है। हालांकि अब राहत मिलने के आसार दिखाई दे रहे हैं, वहीं राज्य की दोनों नदियां घग्गर और यमुना में पानी का जलस्तर कम होने लगा है।

फरीदाबाद में अभी तक  सबसे ज्यादा बारिश
24 घंटे में हरियाणा के 17 जिलों में बारिश हुई। औसतन 5.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। फरीदाबाद में सबसे ज्यादा 54.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। हिसार में 28, पलवल में 22 मिलीमीटर बारिश हुई। इस बारिश से शहरों में सड़कों पर 2 फीट तक जल भराव हो गया, जिससे लोगों को आने जाने में भारी परेशानी हुई।

प्रदेश में यमुना नदी से लगते 6 जिलों के गांवों में फसल ज्यादा तबाह हुई है। नदी किनारे खेतों में 2 फीट से अधिक रेत जमा हो जाने को लेकर सरकार की ओर से रिपोर्ट भी मांगी गई है। सरकार इस पर विचार कर रही है कि खेतों में जमा रेत बेचने का अधिकार किसानों को दे दिया जाए। इससे किसान बारिश से हुए नुकसान की भरपाई कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *