May 19, 2024

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल ने गत सप्ताह हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए महेंद्रगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों के खेतों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी मौजूद थे। 

इस मौके पर किसानों के साथ बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पारदर्शी तरीके से समय पर मुआवजा देगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को विशेष गिरदावरी कराने के निर्देश पहले ही दे दिए थे। उन्होंने कहा कि यह किसान हितैषी सरकार है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सरकार किसानों के साथ है।

जिन किसानों ने अपनी फसल का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाया है उनका नुकसान बीमा कंपनी की ओर से दिलवाया जाएगा तथा शेष बचे किसानों को क्षतिपूर्ति पोर्टल पर सूचना देने के लिए कहा गया है उन्हें सरकार अपनी तरफ से मुआवजा देगी। कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों की मांग पर हरियाणा सरकार ने नुकसान वाले गांवों के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल फिर से खोल दिया है।

जिला महेंद्रगढ़ में 177 गांवों के लिए यह पोर्टल खोला गया है। अब किसान फसल नुकसान की जानकारी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दे सकते हैं। कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य के लगभग 100966 किसानों ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर लगभग 569763 एकड़ क्षेत्र में फसल नुकसान की जानकारी दी है। कृषि मंत्री ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में करीब 34916 किसानों ने करीब 146547 एकड़ क्षेत्र में हुए नुकसान की जानकारी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दी है। कृषि मंत्री ने आज गांव निंबीदुलोठ अहीरबेरावाशनंगल सिरोही और डेरोली जाट के खेतों का भ्रमण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *