May 6, 2024

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हरियाणा के 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह नशा तस्कर हरियाणा से शिमला नशे की खेप लेकर आए थे।

इनसे पुलिस ने 45.86 ग्राम चिट्टा पकड़ा है, जिसकी बाजार में लगभग 2 लाख रुपए कीमत आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आज इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर ढली संजौली बाइपास पर नाका लगाया गया था। इसी बीच एक बाइक (HR 24 AE-1022) सामने से आई।

पुलिस को देखकर दोनों युवक हड़बड़ा गए। इनकी जब तलाशी ली गई तो चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार और रोहित गांव रेगदी खेड़ा तहसील व जिला हिसार हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि बाहरी राज्यों से ही ज्यादातर नशे की खेप आ रही है। पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली से नशा तस्कर देवभूमि हिमाचल आ रहे हैं। यहां पर वे युवाओं को नशा बेचते हैं।

SP शिमला संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान शुरू किया है। लोग हमें सूचना दे सकते हैं, जिससे नशा तस्करों को पकड़ने में आसानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *