April 18, 2024

कुरुक्षेत्र: अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव इस बार आस्ट्रेलिया की धरती पर मनाया जाएगा। यहां भी कनाडा की तर्ज पर बड़ी संख्या में सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। 28 अप्रैल से मनाए जाने वाले इस महोत्सव को लेकर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अधिकारियों की टीम भी आस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है, जो सरकार के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं से मिलकर रूपरेखा तैयार की जाएगी।

प्रदेश सरकार ने मॉरीशस से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाए जाने की शुरूआत की थी। यह चौथा मौका होगा जब किसी विदेशी धरती पर यह महोत्सव मनाया जाएगा। पहली बार वर्ष 2019 में 14 से 16 फरवरी तक मॉरीशस में यह महोत्सव मनाया गया था तो इसके बाद इसी वर्ष नौ अगस्त से 11 अगस्त तक यह महोत्सव लंदन में मनाया गया।

इसके बाद कोरोना काल शुरू हुआ तो दो साल तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह महोत्सव नहीं मनाया जा सका। पिछले वर्ष 2022 में 16 सितंबर से 18 सितंबर तक कनाडा में यह महोत्सव मनाया गया। यह महोत्सव पहले के महोत्सव से और भी ज्यादा हर्षोल्लास से मनाया गया।

कनाडा में महोत्सव के समापन ही अगला महोत्सव आस्ट्रेलिया में मनाए जाने का ऐलान भी किया गया था। अब वहां की सरकार के साथ पत्राचार के बाद प्रदेश सरकार ने यह महोत्सव 28 अप्रैल से एक मई तक मनाए जाने का फैसला किया है। धूमधाम से मनाए जाने वाले इस महोत्सव की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इसी के चलते कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा व सीईओ एवं अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी दो दिन पहले आस्ट्रेलिया रवाना हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *