April 18, 2025
Winters weather

पहाड़ों से मैदानों की ओर चल रही हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन और बढ़ा दी है। पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में शीतलहर के साथ-साथ पाला जमने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। हालांकि मंगलवार को धूप खिलने से ठंड से कुछ देर राहत मिली। सुबह 11 बजे धूप खिली जो शाम तक रही।

जहां सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 11 से 13 डिग्री के बीच था वो तापमान मंगलवार को बढ़कर 14 से 17 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली मगर राजस्थान से सटे हरियाणा के जिलों में भीषण ठंड पड़ रही है।

हरियाणा से सटे राजस्थान के चूरू और हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर है। चूरू में तामपान 0.5 डिग्री तो नारनौल में पारा एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से सटा हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 1.7, हिसार शहर में तापमान 3.9 और सिरसा में तापमान 4.0 दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पंजाब, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा में शीतलहर चलेगी जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *