November 23, 2026
23 nov 2
  • फसल बिजाई और कटाई को लेकर सलाह

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश में नारनौल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं हिसार में रात का पारा 11 डिग्री पर रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।

सुबह-शाम ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से दिन का तापमान अभी सामान्य बना हुआ है। रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री फरीदाबाद में दर्ज किया गया। औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.1 डिग्री की गिरावट आई है।

 

दिन में धूप से राहत, पारा 29.3 डिग्री तक

रात के तापमान में गिरावट के बावजूद दिन में धूप निकलने से गर्माहट बनी हुई है। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक है।

इसके अलावा मेवात में 28.2, हिसार में 27.2, अम्बाला में 26.5, गुरुग्राम में 27.3 और रोहतक में 23.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से सुबह-शाम ठंड और दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो रही है।

 

सरसों-चना की बिजाई करें किसान…

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार और मौसम विभाग की एग्रोमेट एडवाइजरी यूनिट ने शुष्क मौसम और गिरते तापमान को देखते हुए किसानों व पशुपालकों के लिए विशेष सलाह जारी की है।

सरसों व राया: खेत में पर्याप्त नमी होने पर RH 30, RH 0749, RH 0406, वरुणा या लक्ष्मी किस्म की बिजाई करें। बिजाई से पहले प्रति किलो बीज को 2 ग्राम कार्बेन्डाजिम से उपचारित जरूर करें।

चना: सिंचित क्षेत्रों में C 235, HC 5 और बारानी (असिंचित) क्षेत्रों में HC 1 किस्म बोएं। फफूंद रोग से बचाव के लिए प्रति किलो बीज को 4 ग्राम बायोडर्मा, 1 ग्राम विटावैक्स (5 मिली पानी में मिलाकर) व राइजोबियम से उपचारित करें।

कपास, धान व बाजरा: रेशे की गुणवत्ता बचाने के लिए सुबह धूप निकलने और ओस सूखने के बाद ही कपास की चुगाई करें। धान की कटाई से 2 सप्ताह पहले सिंचाई बंद कर दें और पराली बिल्कुल न जलाएं। पकी हुई बाजरा व ग्वार की फसल की जल्द कटाई-थ्रेशिंग करें।