- जन्मतिथि में बदलाव से लेकर नाम ठीक कराने तक की मिलेगी जानकारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) यानी फैमिली आईडी में बदलाव या अपडेट के लिए आवेदन करने वालों को अब उसकी जानकारी लेने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण ने SMS की सुविधा बढ़ाते हुए इसमें 5 नई प्रक्रियाएं जोड़ी हैं।
अब इन प्रक्रियाओं में आवेदन मिलने, मंजूर होने या खारिज होने पर आवेदक के मोबाइल पर SMS आएगा। इस तरह PPP से जुड़ी कुल 12 प्रक्रियाओं की जानकारी मोबाइल पर मिलेगी। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने इन नई प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
जानिए कब-कब आएगा SMS….
1. जन्मतिथि में बदलाव या वेरिफिकेशन
अगर किसी व्यक्ति की परिवार पहचान पत्र में दर्ज जन्मतिथि गलत है और वह इसे ठीक करवाने के लिए आवेदन करता है, तो आवेदन मिलने के साथ ही उसकी मंजूरी या अस्वीकृति की जानकारी भी SMS से मिलेगी।
2. हरियाणा के अंदर जगह बदलने पर
अगर कोई परिवार हरियाणा में ही एक जिले या स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट होता है और PPP में माइग्रेशन का अनुरोध करता है, तो इसकी जानकारी मोबाइल पर भेजी जाएगी।
3. दूसरे राज्य में जाने पर
अगर कोई परिवार हरियाणा से किसी दूसरे राज्य में शिफ्ट होता है और परिवार पहचान पत्र में माइग्रेशन से जुड़ा अनुरोध करता है, तो संबंधित नागरिक को SMS के जरिए सूचना मिलेगी।
4. मृतक से दोबारा जीवित दर्ज करवाने पर
कई बार परिवार पहचान पत्र में किसी व्यक्ति को गलती से मृत दर्ज कर दिया जाता है। ऐसे में उसे दोबारा जीवित दर्ज करवाने के लिए अनुरोध किया जा सकता है। अब इस प्रक्रिया की जानकारी भी मोबाइल पर मिलेगी।
5. नाम में बदलाव करवाने पर
अगर परिवार पहचान पत्र में किसी सदस्य का नाम गलत दर्ज है और उसे ठीक करवाने या बदलने के लिए आवेदन किया जाता है, तो इसकी जानकारी SMS के जरिए मिलेगी।
PPP में मोबाइल नंबर अपडेट रखना जरूरी
डॉ. सतीश खोला ने नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार पहचान पत्र में अपना मोबाइल नंबर सही और अपडेट रखें। ऐसा नहीं होने पर जरूरी संदेश मिलने में परेशानी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल एनरोलमेंट ID बनने, फैमिली ID तैयार होने, परिवार में नया सदस्य जुड़ने समेत 12 प्रक्रियाओं की जानकारी SMS के माध्यम से दी जा रही है।