October 31, 2026
31 oct 7
  • दूध की टंकियों पर मिली मक्खियां

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  सोनीपत में पाम ऑयल से घटिया गुणवत्ता का पनीर तैयार करने वाली एक यूनिट पर सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। देवड़ू रोड़ की शिव कॉलोनी में करीब 500 गज के प्लॉट में संचालित इस यूनिट में न तो साफ-सफाई का ध्यान रखा जा रहा था और न ही संचालन के लिए जरूरी मान्यता मिली हुई।

टीम को मौके से 180 किलोग्राम पनीर और करीब 5 हजार लीटर दूध मिला। दूध की टंकियों में मक्खियां बैठी हुई थीं। जांच के दौरान पनीर और दूध के चार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं पनीर को नष्ट करवाया गया है।

वहीं पाम ऑयल भी बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान प्रदूषण नियंत्रण विभाग से भी कोई प्रमाण पत्र नहीं लिया गया।

एक महीने पहले ही शुरू की थी यूनिट

जानकारी के अनुसार, मुरथल के देवड़ू गांव की शिव कॉलोनी में अध्या एंटरप्राइजेज के नाम से यह यूनिट संचालित की जा रही थी। इसे मधुप उर्फ मोनू चला रहा था।

बताया जा रहा है कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए बाजार में पनीर की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए करीब एक महीने पहले ही यह यूनिट शुरू की गई थी।

करीब 500 गज के प्लॉट में संचालित इस यूनिट में तीन से चार मजदूर काम करते मिले। टीम ने मौके पर पहुंचकर उत्पादन और भंडारण की व्यवस्था की जांच की तो कई खामियां सामने आईं।

4400 लीटर ठंडा और 600 लीटर गर्म दूध मिला

छापेमारी के दौरान टीम को अलग-अलग टंकियों में करीब 5 हजार लीटर दूध मिला। इसमें लगभग 4400 लीटर ठंडा दूध था, जबकि 600 लीटर दूध कढ़ाई में गर्म किया जा रहा था। इसके अलावा मौके से 180 किलोग्राम पनीर भी बरामद किया गया।

टीम को गाड़ी में रखी दो दूध की टंकियों में दूध के ऊपर मक्खियां बैठी हुई नजर आईं। यूनिट में दूध के भंडारण और साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं मिली।

इस दौरान टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसे तैयार करने की प्रक्रिया की जांच की।

नाले के बिल्कुल साथ चल रही थी यूनिट, साफ-सफाई के इंतजाम नहीं

जांच के दौरान सामने आया कि यूनिट नाले के बिल्कुल साथ संचालित की जा रही थी। यहां साफ-सफाई का कोई विशेष ध्यान नहीं रखा गया था। खाद्य पदार्थ तैयार करने वाली जगह पर स्वच्छता के जरूरी इंतजाम भी नहीं मिले।

इसके अलावा यूनिट के संचालन के लिए आवश्यक मान्यता नहीं होने की जानकारी भी सामने आई। इस पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एसडीओ भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यूनिट से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की।

सिसाना के आयुष मिल्क प्लांट से मंगवाते थे दूध

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यूनिट में खरखौदा क्षेत्र के गांव सिसाना स्थित आयुष मिल्क प्लांट से दूध मंगवाया जाता था। बताया गया कि यहां दो दिन में एक बार गाड़ी भरकर दूध पहुंचता था।

टीम ने मौके से दूध के दो और पनीर के दो सैंपल लिए हैं। इन चारों सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि दूध और पनीर की गुणवत्ता का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही मौके पर रखा पाम ऑयल भी एक्सपायरी डेट का मिला।

एनालॉग पनीर तैयार करने की मिली जानकारी

जांच के दौरान यूनिट में एनालॉग पनीर तैयार किए जाने की जानकारी भी सामने आई और लोगों की हेल्थ के लिए खतरनाक बैन एनालॉग पनीर को नष्ट करवाया गया है। यह पनीर सामान्य दूध से तैयार होने वाले पनीर से अलग होता है और इसमें दूध की वसा के स्थान पर वनस्पति वसा या अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है।

अधिकारियों के अनुसार, संबंधित यूनिट में तैयार किए जा रहे पनीर की प्रकृति और गुणवत्ता की जांच सैंपल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से जरूरी नमूने एकत्र किए हैं।

गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के डेजिग्नेटेड ऑफिसर डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें यूनिट में घटिया गुणवत्ता का पनीर तैयार किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी।

इसके बाद सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

कार्रवाई में उनकी अगुवाई में एफएसओ सोनीपत वीरेंद्र पूनिया शामिल रहे। वहीं, सीएम फ्लाइंग की ओर से सब इंस्पेक्टर राजेश और सब इंस्पेक्टर महावीर ने टीम के साथ कार्रवाई की।

प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एसडीओ भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सैंपल लेने के साथ यूनिट में मिली खामियों की जांच की।