- ड्रोन सिटी को ₹58.51 करोड़ का पैकेज, 800 युवाओं को रोजगार की उम्मीद
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा को वैश्विक स्तर पर ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। रूस की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर प्रदेश में अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक, विदेशी निवेश और भारत-रूस औद्योगिक सहयोग पर सार्थक चर्चा की।
बैठक में हरियाणा में दो प्रमुख तकनीकी परियोजनाओं पर सहयोग का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत प्रदेश में हेलीकॉप्टर ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग और बिना GPS (जीपीएस) के भी सटीकता से संचालित होने वाले अत्याधुनिक ड्रोन का निर्माण शामिल है। 9 सितंबर 2025 को सिसाय में ‘ड्रोन सिटी’ की आधारशिला रखी गई थी। आज यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूरी तरह संचालन में है और वैश्विक ड्रोन कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारी के लिए तैयार है।
₹58.51 करोड़ का विशेष इंसेंटिव पैकेज मंजूर
ड्रोन सिटी परियोजना की रफ्तार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा उद्यम प्रोत्साहन बोर्ड के माध्यम से ₹58.51 करोड़ के विशेष प्रोत्साहन पैकेज (स्पेशल इंसेंटिव पैकेज) को मंजूरी दी गई है।
800 युवाओं को मिलेगा रोजगार
सरकार के इस कदम से न केवल हरियाणा में आधुनिक और हाई-टेक उद्योगों का विस्तार होगा, बल्कि प्रदेश के लगभग 800 युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया है कि इस तकनीकी हस्तांतरण (टेक्नोलॉजी ट्रांसफर) से हरियाणा देश में एयरोस्पेस और ड्रोन क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।