October 13, 2026
13 oct 6
  • पैसे न मिलने पर ऑफिस पर फायरिंग करने निकले

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पंचकूला में सोमवार रात ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की थी। इस दौरान बाइक सवार दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी अर्शदीप (गांव बोरसी) और जुगराज (गांव रूमाणाचक) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से जिगाना और PX-30 पिस्टल बरामद की हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों मोहाली के एक नामी बिल्डर के ऑफिस पर फायरिंग करने जा रहे थे। घायल आरोपियों को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों शूटर लॉरेंंस ग्रुप से जुड़े हुए हैं। हालांकि, पुलिस ने इस बात की जानकारी नहीं दी।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने लगाया नाका

सोमवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने ताऊ देवीलाल स्टेडियम के कॉर्नर पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, पीछे की सड़क से आ रहे बाइक सवार युवकों ने नाका देखा तो बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान हड़बड़ाहट में उनकी बाइक फिसल गई।

पुलिस टीम उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो दोनों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों आरोपियों के बाएं पैर में एक-एक गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।

मोहाली के बिल्डर के ऑफिस पर फायरिंग की तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने पंचकूला से ही हथियारों की डिलीवरी ली थी। वे मोहाली के एक नामी बिल्डर के ऑफिस पर फायरिंग करने जा रहे थे। बताया गया है कि रंगदारी मांगने के लिए बिल्डर को धमकी भरी कॉल आई थी। बिल्डर ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो खौफ पैदा करने के लिए उसके ऑफिस पर गोलियां चलाने की योजना बनाई गई थी।

दोनों के पास से दो पिस्टल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिगाना पिस्टल और एक PX-30 पिस्टल बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी अर्शदीप के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस से जब बिल्डर का नाम पूछा गया तो पुलिस ने यह जानकारी देने से इनकार कर दिया।

मौके पर पहुंचे DCP क्राइम

घटना की सूचना मिलने पर DCP क्राइम अमरिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल जाकर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस अब जांच कर रही है कि पंचकूला में आरोपियों को हथियार किसने दिए थे और वे किस गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े हैं।