October 13, 2026
13 oct 4
  • भिवानी मंडी में 75 हजार क्विंटल फसल पहुंची, सिर्फ 26 हजार क्विंटल हुई खरीद

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  भिवानी की अनाज मंडी में सरकारी खरीद नहीं होने से बाजरा उत्पादक किसानों को एमएसपी से कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ रही है। सरकार ने बाजरे का एमएसपी 2,900 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है, जबकि मंडी में निजी खरीदार 2,200 से 2,300 रुपए तक भाव दे रहे हैं। भावांतर भरपाई योजना के तहत 600 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात है, फिर भी किसानों को 50 से 100 रुपए तक नुकसान होने का दावा है।

मंडी में अब तक 75 हजार क्विंटल बाजरे की आवक हुई, जिसमें से करीब 26 हजार क्विंटल की निजी खरीद हुई है। अनाज मंडी में अब तक भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ व सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी व कैथल के कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला भी पहुंचकर किसानों व आढ़तियों से मिल चुके हैं।

किसान बोले- आढ़तियों के पास डाल रहे बाजरा

गांव दिनोद निवासी सुनील ने बताया कि वह बाजरे की फसल लेकर आया था। उनका करीब 40 क्विंटल बाजरा था। उन्होंने फसलों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी करवाया हुआ था। यहां मंडी में बाजरा लेकर पहुंचे तो कहा गया कि बाजरा प्राइवेट में बेच दें और 600 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से भावंतर भरपाई योजना के तहत मिल जाएगा। अब उन्होंने आढ़ती के पास बाजरा डाला है। गांव भाखड़ा निवासी संदीप ने बताया कि वे बाजरा लेकर आए हैं। वे करीब 10 क्विंटल बाजरा, 10 क्विंटल ग्वार व करीब 5 क्विंटल कपास लेकर आए हैं। बाजरे की सरकारी खरीद नहीं हुई, प्राइवेट में बाजरा बेचना पड़ रहा है। अब उन्होंने 2250 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बाजरा डाला गया है।

50-100 रुपए कम कीमत पर बाजरा बेच रहे किसान

अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान नरेश बंसल उर्फ भूरू ने कहा कि सरकार द्वारा बाजरे की सरकारी खरीद नहीं की जा रही। केवल प्राइवेट में ही बिक रहा है। हालांकि सरकार ने भावांतर भरपाई योजना के तहत 600 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से किसान को दिए जा रहे हैं। वहीं अनाज मंडी में प्राइवेट में 2250 से 2300 रुपए प्रति क्विंटल तक खरीदा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 600 रुपए प्रति क्विंटल तो भावांतर योजना के तहत डालने की बात कही है, लेकिन अनाज मंडी में कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया कि सरकारी खरीद होगी या नहीं। अब सरसों की बिजाई के लिए किसान को पैसे चाहिए, इसलिए किसान 50-100 रुपए के नुकसान में बाजरा बेच रहा है।

भिवानी मंडी में 75000 क्विंटल बाजरे की आवक

भिवानी अनाज मंडी में करीब 75000 क्विंटल बाजरे की आवक हुई है। जिसमें से प्राइवेट द्वारा करीब 26 हजार क्विंटल बाजरे की खरीद हो पाई है। करीब एक तिहाई बाजरे की खरीद हो पाई है। वहीं बवानीखेड़ा अनाज मंडी की बात करें, तो वहां पर 9256 क्विंटल बाजरा पहुंचा है। वहीं इसमें से 1151 क्विंटल बाजरे की खरीद की गई है। खरीद नहीं होने के कारण किसान गेटपास कटने के बाद आढ़तियों के पास बाजरा डालकर घर जाते हैं।

600 रुपए भावांतर भरपाई के तहत दिए जाएंगे

मार्केट कमेटी के सचिव संदीप ने बताया कि बाजरा प्राइवेट द्वारा खरीद की जा रही है। जो किसान अनाज मंडी में बाजरा लेकर पहुंच रहे हैं, उनके गेटपास काटे जा रहे हैं। वहीं फसल पंजीकरण करवाने वाले किसानों को 600 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से भावांतर भरपाई योजना के तहत दिए जाएंगे, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।