October 8, 2026
8 oct 6
  • यूट्यूबर ध्रुव राठी का VIDEO, बोले-जंतर-मंतर पर मिलते हैं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर हरियाणा में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। CJP 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर प्रोटेस्ट करेगी। इसको लेकर प्रदर्शन में शामिल होने वाले हरियाणवियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। प्रोटेस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी।

झज्जर समेत कई जगहों पर ऑनलाइन बैठकों के जरिए लोगों से संपर्क किया जा रहा है। हरियाणा में जन्में यूट्यूबर ध्रुव राठी भी सोशल मीडिया वीडियो में लोगों से 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील करते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में ध्रुव राठी 10 अक्टूबर के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील करते हैं। वीडियो में CJP प्रमुख अभिजीत दीपके भी दिखाई दे रहे हैं।

हरियाणा में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, झज्जर में बैठकें

CJP की ओर से हरियाणा से प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है। इच्छुक लोगों से ऑनलाइन माध्यम से जानकारी मांगी जा रही है। झज्जर में भी ऑनलाइन बैठकों के जरिए लोगों से संपर्क किया जा रहा है और 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की तैयारियों पर चर्चा हो रही है।

SIR और वोटर लिस्ट पर उठाए जा रहे सवाल

प्रस्तावित प्रदर्शन में SIR और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। CJP की ओर से मतदाता सूची में नामों से जुड़े बदलाव और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हरियाणा में चल रहा रजिस्ट्रेशन और संपर्क अभियान इसी प्रदर्शन की तैयारियों का हिस्सा है।

प्रकाश राज ने भी वीडियो में की अपील

वीडियो में साउथ की फिल्मों के बड़े एक्टर प्रकाश राज भी नजर आ रहे हैं। ध्रुव राठी की अपील के बाद प्रकाश राज अपने फिल्मी अंदाज में ‘आली रे आली’ कहते हुए लोगों से 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील करते हैं। वीडियो को प्रदर्शन के प्रचार अभियान के तौर पर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

SIR को लेकर ज्ञानेश और चुनाव आयोग पर सवाल

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर रिकॉर्ड में कम से कम 14 बार आपत्ति जताई थी।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ फैसले दोनों चुनाव आयुक्तों की जानकारी या सिफारिश के बिना जारी किए गए। इसके बाद विपक्ष CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर देशभर में प्रदर्शन कर रहा है।

मुंबई में प्रदर्शन के बाद दिल्ली का ऐलान

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने 2 अक्टूबर की रात करीब 10:46 बजे ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा था कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया, तो 10 अक्टूबर को पूरे देश से कॉकरोच दिल्ली पहुंचेंगे।

दीपके ने लिखा, “अगर दिल्ली पुलिस हमें रोकने की कोशिश करती है, तो जहां वे हमें रोकेंगे, वही हमारा जंतर-मंतर होगा। हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण होगा। हम महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलेंगे।”