October 1, 2026
1 oct 4
  •  अरोड़ा बोले- 48 घंटे में वेरिफिकेशन का मिला आश्वासन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र की थानेसर अनाज मंडी में धान खरीद से पहले वेरिफिकेशन को लेकर चल रहा किसान का आमरण अनशन 12 घंटे बाद खत्म हो गया। लेकिन किसान ने प्रशासन को 48 घंटे मोहलत दी। कल बुधवार रात थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा धरनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने मौके से ही चंडीगढ़ में उच्च अधिकारियों से फोन पर बात की। अधिकारियों से 48 घंटे में पूरे हरियाणा में वेरिफिकेशन का काम पूरा करने का आश्वासन मिला। इसके बाद अरोड़ा ने किसान राजेंद्र सिंह को जूस पिलाकर अनशन खत्म करवाया। हालांकि 48 घंटे में वेरिफिकेशन का काम पूरा नहीं हुआ तो वे दोबारा आमरण अनशन पर बैठेंगे।

पहले अपनी समस्या के लिए घूम रहा था

अनशन खत्म करने के बाद राजेंद्र सिंह ने कहा कि वह पिछले चार दिन से अपनी वेरिफिकेशन और पोर्टल की समस्या को लेकर चक्कर काट रहा था। जब उसने देखा कि अकेला वह ही नहीं, बल्कि दूसरे किसान भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं तो उसने किसानों की समस्या को लेकर धरने पर बैठने का फैसला लिया।

राजेंद्र सिंह ने कहा कि SDM पहले भी उससे मिलने आए थे। अधिकारियों ने समय मांगा और उच्च अधिकारियों से बातचीत की। अब 48 घंटे में काम पूरा करने का आश्वासन मिला है, इसलिए वह फिलहाल अनशन खत्म कर रहा है। अगर अधिकारियों का आश्वासन पूरा नहीं हुआ तो वह दोबारा अनशन पर बैठेगा।

अरोड़ा बोले- सीजन सिर पर आने के बाद जाग रही सरकार

विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि धान का सीजन आने से पहले ही पोर्टल, वेरिफिकेशन और मिलर्स के साथ एग्रीमेंट जैसी प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए थी। लेकिन किसानों को अब भी इन कामों के लिए मंडियों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।किसान लगातार परेशान हो रहा था और उसे सिर्फ आश्वासन मिल रहे थे।

आखिरकार उनको आमरण अनशन पर बैठना पड़ा। अगर ये तैयारियां समय रहते जुलाई महीने तक पूरी कर ली जातीं तो किसान को धान बेचने के समय इस तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।