October 1, 2026
1 oct 3
  • CMO बोलीं- संबंधित डॉक्टर बेहतर बताएंगे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : झज्जर के नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट को लेकर एक महिला और उसके परिजनों ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। वार्ड नंबर 15 के भाजपा पार्षद नरेश कुमार की पत्नी कौशल्या के पेट में दर्द होने पर नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया गया था। परिजनों के अनुसार, सरकारी अस्पताल की रिपोर्ट में जांच सामान्य बताई गई और पथरी का उल्लेख नहीं था।

इसके करीब आधे घंटे बाद निजी अस्पताल में कराए गए अल्ट्रासाउंड में दाईं किडनी में 8.8 एमएम की पथरी बताए जाने का दावा किया गया। दोनों रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है। वहीं, सीएमओ मंजू कादयान ने कहा कि रिपोर्ट में अंतर के संबंध में संबंधित डॉक्टर ही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। मामला झज्जर के नागरिक अस्पताल से जुड़ा है। कौशल्या ने दोनों अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखाते हुए सरकारी अस्पताल की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद मामले की जांच होनी चाहिए।

पेट में दर्द के बाद कराया था अल्ट्रासाउंड

परिजनों के मुताबिक कौशल्या के पेट में दर्द था, जिसके बाद उन्हें जांच के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां अल्ट्रासाउंड कराया गया। परिजनों का कहना है कि रिपोर्ट में किसी तरह की पथरी नहीं बताई गई और जांच सामान्य बताई गई।

इसके बाद परिजन कौशल्या को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। वहां करीब आधे घंटे के अंतराल में दोबारा अल्ट्रासाउंड कराया गया। निजी अस्पताल की रिपोर्ट में दाईं किडनी में 8.8 एमएम की पथरी होने की बात सामने आई।

दाईं किडनी में 8.8 एमएम की पथरी

सामने आई निजी अस्पताल की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में दाईं किडनी के ऊपरी हिस्से में 8.8 एमएम की पथरी का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के निष्कर्ष में भी दाईं किडनी में पथरी होने की बात दर्ज है।

वहीं, परिजनों के अनुसार इससे करीब आधे घंटे पहले नागरिक अस्पताल में कराए गए अल्ट्रासाउंड में पथरी का उल्लेख नहीं किया गया था। इसी अंतर को लेकर परिजनों ने अस्पताल की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

महिला ने दोनों रिपोर्ट दिखाकर उठाए सवाल

कौशल्या ने दोनों अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखाते हुए कहा कि लोग डॉक्टरों को भगवान का दर्जा देते हैं। ऐसे में जांच के दौरान जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीजों की जिंदगी से जुड़ी जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से दोनों रिपोर्ट की जांच करवाने और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

संबंधित डॉक्टर बेहतर बता पाएंगे- सीएमओ

मामले को लेकर झज्जर की सीएमओ मंजू कादयान से बात की गई। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में आए अंतर के संबंध में संबंधित डॉक्टर ही बेहतर तरीके से बता सकते हैं। रिपोर्ट और जांच प्रक्रिया के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

फिलहाल दोनों अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजनों ने झज्जर नागरिक अस्पताल प्रशासन से पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।