September 22, 2026
22 sep 16
  • गुल्लक तोड़ा, CCTV में कैद हुई वारदात

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर शहर की सरोजनी कॉलोनी स्थित भगवान हनुमान मंदिर में रात के समय घुसकर अज्ञात चोर गुल्लक तोड़कर करीब 3 लाख रुपए चोरी कर ले गया। यह राशि गरीब परिवार की बेटी की शादि के लिए जमा की हुई थी। चोरी की वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है।

फुटेज में एक युवक लाल रंग की टी-शर्ट पहने और सिर व चेहरा ढककर गुल्लक तोड़कर उसमें लिफाफों में रखे रुपए निकालता दिखाई दे रहा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मंदिर के मुख्य पुजारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंदिर में कुल 10 पुजारी

मंदिर के मुख्य पुजारी गणपति प्रसाद ने थाना गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लक्ष्मी नगर में रहते हैं और सरोजनी कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर में मुख्य पुजारी हैं। मंदिर में कुल 10 पुजारी हैं। रात के समय दो पुजारी मंदिर परिसर में ही सोते हैं। रात को वह मंदिर से अपने घर चले गए थे, जबकि चंद्र मोहन और देशराज मंदिर में ही सो रहे थे।

शिकायत के अनुसार, रात चंद्र मोहन ने फोन कर बताया कि मंदिर में चोरी हो गई है और चोर अभी-अभी वहां से निकलकर भागा है। सूचना मिलते ही वह मंदिर पहुंचे। वहां जांच करने पर पता चला कि टेबल पर रखी गुल्लक को तोड़कर उसमें रखे करीब 3 लाख रुपए चोरी किए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, ये रुपए लड़की की शादी के लिए एकत्र किए गए थे और अलग-अलग लिफाफों में रखे हुए थे।

लाल टी-शर्ट में दिखा आरोपी

मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक युवक चोरी करता दिखाई दिया। युवक ने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी और सिर व चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। फुटेज में वह गुल्लक खोलकर उसमें रखे लिफाफों से रुपए निकालता नजर आ रहा है। चेहरा ढका होने के कारण उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी।

यमुनानगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया और मौके से साक्ष्य जुटाए गए।