- ऊंचे सीमेंटेड रास्ते पर व्यापारी ने जताई आपत्ति
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : सोनीपत जिले के गोहाना की अनाज मंडी में 1509 किस्म के धान की आवक शुरू हो गई है। शुरुआती आवक के बीच मंडी की व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों ने सवाल उठाए हैं। व्यापारी का कहना है कि सड़क और शेड का काम अभी अधूरा है, जबकि किसानों के लिए धान उतारने की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है।
वहीं मंडी सचिव का कहना है कि फिलहाल आवक कम है और पीआर धान की खरीद शुरू होने से पहले मंडी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
1509 धान की आवक शुरू, करीब 4 हजार रुपए भाव
मंडी के व्यापारी मुकेश ने बताया कि अनाज मंडी में 1509 किस्म के धान की आवक शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि धान करीब 4 हजार रुपए के भाव में बिक रहा है और किसानों को भी अच्छा रेट मिल रहा है। हालांकि, उनका कहना है कि मंडी की व्यवस्थाएं करीब एक महीने से जस की तस बनी हुई हैं और इनमें कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
सीमेंटेड रास्ता ऊंचा होने पर जताई आपत्ति
व्यापारी मुकेश ने कहा कि मंडी में सीमेंटेड रास्ता काफी ऊंचा बनाया गया है। उनका कहना है कि धान से लोड होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के इस रास्ते पर चढ़ने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने का खतरा भी रह सकता है।
एसडीओ से शिकायत पर बदसलूकी का आरोप
मुकेश ने बताया कि रास्ते से संबंधित समस्या को लेकर एसडीओ से शिकायत की गई थी। उनका आरोप है कि एसडीओ ने उनकी बात सुनने के बजाय ऊंची आवाज में और बदतमीजी से बात की।
मुकेश के अनुसार मंडी में सड़क का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। जगह-जगह निर्माण कार्य चलने के कारण मिट्टी पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि धान की आवक शुरू होने के बावजूद मंडी पूरी तरह तैयार नहीं है।
शेड-धान उतारने की व्यवस्था भी अधूरी
व्यापारी ने कहा कि मंडी में शेड का काम भी अधूरा पड़ा है। किसानों के लिए धान उतारने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का भी उन्होंने दावा किया। उनका कहना है कि धान के सीजन से पहले मंडी में जरूरी काम पूरे हो जाने चाहिए थे।
अब पढ़िए मंडी सचिव के दावे…
आवक अभी कम: गोहाना अनाज मंडी की सचिव सविता जैन ने बताया कि मंडी में 1509 किस्म के धान की आवक शुरू हो गई है। फिलहाल आवक कम है। उन्होंने कहा कि मंडी में पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था करने का काम चल रहा है। दो नए शौचालय अगले सप्ताह तक पूरे होने की बात उन्होंने कही।
व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का दावा: सविता जैन ने बताया कि मंडी में चल रहे अन्य काम भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1 तारीख से मंडी में पीआर धान की खरीद शुरू होगी। इससे पहले सभी जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का दावा उन्होंने किया।
नए शेड का टेंडर अगस्त में अलॉट: मंडी सचिव ने बताया कि मंडी में पहले से दो शेड बने हुए हैं। नए शेड के लिए टेंडर दिया गया था, जिसे अगस्त में अलॉट किया गया है। उन्होंने बताया कि नए शेड के फर्श का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेड का बाकी काम करीब 2 से ढाई महीने में पूरा होने की उम्मीद है।
सविता जैन ने बताया कि मंडी में पीने के पानी की नई पाइपलाइन भी बिछाई जा रही है। उनका कहना है कि किसानों की सुविधा के लिए पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है
‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल दोबारा खुला: मंडी सचिव ने बताया कि ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल दोबारा खोला गया है। जिन किसानों ने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था, वे अब दोबारा रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन के किसान अपनी फसल की बिक्री नहीं कर सकेंगे।