- खेल विभाग ने बैठाई जांच
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला स्थित हरियाणा स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर में तैनात बैडमिंटन के हेड कोच रवि कुमार का विदेश दौरा विवादों में आ गया है। खिलाड़ियों ने खेल विभाग के डायरेक्टर को ईमेल भेजकर शिकायत की है कि सीनियर हरियाणा स्टेट बैडमिंटन टूर्नामेंट के महत्वपूर्ण मुकाबलों के दौरान दोनों बैडमिंटन कोच मौजूद नहीं थे।
खिलाड़ियों का आरोप है कि हेड कोच पंजाब के खिलाड़ियों के साथ नाइजीरिया गए हुए थे, जबकि उन्हें हरियाणा के खिलाड़ियों को गाइडेंस देनी थी। खिलाड़ियों ने मामले की जांच और कोच की विदेश यात्रा की अनुमति से जुड़े नियमों की जांच की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद एडिशनल स्पोर्ट्स डायरेक्टर अश्विनी मलिक ने जांच बैठा दी है। उन्होंने कहा कि नियम चेक करने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
खिलाड़ियों ने हेड कोच पर लगाए ये आरोप….
- टूर्नामेंट के दौरान कोच नहीं थे: खिलाड़ियों ने शिकायत में कहा कि राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के महत्वपूर्ण मुकाबलों के दौरान तकनीकी मार्गदर्शन और सहायता की जरूरत थी। इसके बावजूद दोनों बैडमिंटन कोच अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। खिलाड़ियों के अनुसार, वे अपने करियर के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन कोचों की लापरवाही से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
- निजी काम के लिए नाइजीरिया जाने का आरोप: शिकायत के अनुसार, खिलाड़ियों को जानकारी मिली कि एक कोच नाइजीरिया में आयोजित ‘लागोस इंटरनेशनल क्लासिक्स 2026’ टूर्नामेंट में गए हुए हैं। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि कोच वहां चंडीगढ़ के किसी छात्र को प्राइवेट ट्रेनिंग दे रहे हैं। उन्होंने जांच की मांग की है कि यदि कोच की छुट्टी मंजूर थी तो विदेश जाने के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं।
- समय पर उपलब्ध नहीं रहने से ट्रेनिंग प्रभावित: खिलाड़ियों का आरोप है कि दोनों कोच सामान्य दिनों में भी समय पर उपलब्ध नहीं रहते। इससे उनकी नियमित ट्रेनिंग और खेल प्रदर्शन पर असर पड़ रहा है। खिलाड़ियों ने कहा कि आधिकारिक टूर्नामेंट के दौरान उन्हें बिना कोचिंग सपोर्ट के छोड़ना गंभीर मामला है।
- HPM से बात की, तस्वीरें भी सौंपीं: खिलाड़ियों ने बताया कि उन्होंने हाई परफॉर्मेंस मैनेजर (HPM) से भी बात की थी। वहां उन्हें कोच के छुट्टी पर होने की संभावना जताई गई। खिलाड़ियों का कहना है कि नियमानुसार छुट्टी लेने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को बिना सहयोग के छोड़ना और अनधिकृत रूप से निजी काम के लिए विदेश जाना नियमों का उल्लंघन है। शिकायत के साथ साक्ष्य के तौर पर तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं।
- पंजाब के खिलाड़ियों को ले जाने का आरोप: खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि कोच रवि कुछ खिलाड़ियों को पंजाब की एक एकेडमी में लेकर जाते हैं। शिकायत के अनुसार, इस एकेडमी के प्रमोशन में स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर के बच्चों का वीडियो भी इस्तेमाल किया गया है। खिलाड़ियों ने इसे नियमों के खिलाफ बताया है।
हेड कोच बोले- शिकायत की जानकारी नहीं
स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर के बैडमिंटन हेड कोच रवि कुमार ने बताया कि उन्हें अपने खिलाफ हुई शिकायत की जानकारी नहीं है। विदेश जाने को लेकर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
हाई परफॉर्मेंस मैनेजर बोले- छुट्टी लेकर गए थे
स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बैनीवाल ने बताया कि कोच छुट्टी लेकर गए हुए थे। उन्हें 30 दिन की छुट्टी मिलती है और इस दौरान वे कहीं भी जा सकते हैं। उन पर कोई पाबंदी नहीं है।
उन्होंने खिलाड़ियों को पंजाब की एकेडमी में ले जाने के आरोप को गलत बताया। कुलदीप बैनीवाल के अनुसार, खिलाड़ियों को मुकाबले की प्रैक्टिस के लिए अलग-अलग जगह खुद भेजते हैं। कोच का इसमें कोई इंटरेस्ट नहीं है।