September 21, 2026
21 sep 6
  • सामाजिक बहिष्कार का फैसला

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के PWD मंत्री रणबीर गंगवा की ससुराल आर्यनगर गांव में लव मैरिज पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। ग्रामीणों ने पंचायत कर यह निर्णय लिया। पंचायत में तय किया गया कि अगर गांव का कोई युवक-युवती आपस में लव मैरिज करते हैं, तो उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे जोड़ों को गांव में रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इनका साथ देने वाले परिजनों और अन्य लोगों का भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पहले गांव में तीन मामले सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया।

यह पंचायत रविवार को हुई थी। सोमवार को इसकी जानकारी सामने आने के बाद दैनिक भास्कर की टीम आर्यनगर पहुंची और ग्रामीणों से पंचायत के फैसले के बारे में बात की। सरपंच रतनलाल ने तो बात करने से ही इनकार कर दिया।

फैसले में पंचायत का रोल नहीं, पूरा गांव एकजुट हुआ

आर्यनगर के रहने वाले भाजपा नेता हनुमान वर्मा ने बताया- कुलवंत खोसला की अध्यक्षता में पंचायत हुई थी। इसमें पूरे गांव ने तय किया कि गांव की बेटी की शादी गांव से बाहर नहीं की जाएगी। अगर कोई ऐसा करता है, तो उसे समझाया जाएगा कि ऐसा न करे।

जब हम किसी दूसरे गांव में बेटे की शादी करते हैं, तो वहां पूछा जाता है कि उस गांव में हमारे गांव की कितनी बेटियां हैं। गांव की हर बेटी अपनी बेटी होती है। अब गलत परंपरा शुरू हो चुकी है। इस फैसले में पंचायत का रोल नहीं है, बल्कि पूरे गांव ने एकजुट होकर यह निर्णय लिया है।

कमेटी बनाई जाएगी, घर-घर होगा सर्वे

ग्रामीण भजनलाल ने बताया कि आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि आगे युवक-युवतियां ऐसा कदम न उठाएं। हाल ही में गांव के जिस युवक-युवती ने लव मैरिज की थी, उनके परिजन भी पंचायत में पहुंचे। उन्होंने माना कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है, बल्कि बच्चों ने गलत कदम उठाया है।

इस फैसले पर आगे भी काम किया जाएगा। गांव का सामाजिक ताना-बाना न बिगड़े, इसके लिए कमेटी बनाई जाएगी। घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा कि ग्रामीण इस फैसले से सहमत हैं या नहीं। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को बचाना है।

लव मैरिज करने वालों को गांव में नहीं रहने देने का

ग्रामीण बिरजू राम ने कहा कि पंचायत में पूरा गांव इकट्‌ठा हुआ था। इसमें करीब एक हजार लोग शामिल थे। गांव में आपस में शादी करने वाले युवक-युवती को गांव में रहने नहीं दिया जाएगा। पहले भी ऐसे तीन-चार मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को भी गांव में पुलिस आई थी और जिस युवक ने शादी की थी, उसे अपने साथ ले गई।