September 12, 2026
12 sep 8
  • 15 से शुरू होगी सीलिंग, 33 बड़े बकायेदारों पर 15.20 करोड़ टैक्स

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :पंचकूला नगर निगम (MC) प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी को लेकर कड़े एक्शन के मूड में आ गया है। निगम क्षेत्र में 10 लाख रुपए से अधिक बकाया वाले 33 बकायेदार ऐसे हैं, जिन पर अकेले 15.20 करोड़ रुपए (15,20,45,603) का टैक्स बकाया है।

नगर निगम ने 2 लाख रुपए से अधिक का बकाया रखने वाली संपत्तियों को हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 129 और 130 के तहत दूसरा नोटिस जारी कर दिया है और 15 सितंबर की डेडलाइन खत्म होते ही टैक्स न भरने वाली प्राइवेट संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

50वीं बटालियन (सरकारी): सेक्टर 30 स्थित कमांडेंट ऑफिस कॉम्प्लेक्स पर 3.16 करोड़ और सेक्टर 29 के रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स पर 2.67 करोड़ रुपए का बकाया है।

होटल नॉर्थ पार्क (प्राइवेट): सेक्टर 32 स्थित अमनदीप दहिया के इस होटल पर करीब 2 करोड़ रुपए का टैक्स बाकी है।

एचएसवीपी (HSVP): सेक्टर 1, 2, 3, 5 और राजीव कॉलोनी की 6 संपत्तियों पर कुल 1.96 करोड़ का बकाया है।

आईटी कंपनियां: सेक्टर 22 की एपवर्क्स आईटी सॉल्यूशंस पर 77.11 लाख और पैरामाउंट सॉफ्टवेयर पर 68.69 लाख रुपए बकाया हैं।

निगम का रिकवरी ट्रैक रिकॉर्ड

नगर निगम के बेड़े में कुल 1,05,045 संपत्तियां दर्ज हैं। निगम की सख्ती का असर कलेक्शन पर भी दिख रहा है। साल 2025-26 में प्रॉपर्टी टैक्स, फायर टैक्स और गारबेज चार्ज मिलाकर कुल ₹14.72 करोड़ की रिकवरी हुई थी। चालू वित्त वर्ष (1 अप्रैल से 10 सितंबर 2026) में निगम अब तक ₹12.47 करोड़ (प्रॉपर्टी टैक्स ₹9.60 करोड़) वसूल चुका है।

निगम अधिकारियों के अनुसार, सरकारी बकायेदारों के विभागाध्यक्षों को रिकवरी के लिए पत्र लिखा जा रहा है, जबकि प्राइवेट डिफॉल्टरों पर 15 सितंबर की समयसीमा खत्म होते ही सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।