September 2, 2026
2sep 14
  • बैंक खातों से डिजिटल डिवाइस तक जांच

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  गुरुग्राम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम कंस्ट्रक्शन वर्क से जुड़ी कंपनी ‘शिवा बिल्डटेक के कई ठिकानों पर एक साथ सर्चिंग अभियान चला रही है। ईडी के करीब पांच बड़े और वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में यह सर्चिंग सुबह से जारी है। जांच एजेंसी की एक टीम कंपनी के दो डायरेक्टर्स के घर भी पहुंची है।

डायरेक्टर अशोक जैन के सेक्टर-14 स्थित मकान नंबर 644 पर ED की टीम सुबह से मौजूद है। जबकि दूसरे डायरेक्टर रोहित गुप्ता के सिविल लाइंस, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित मकान पर अधिकारियों का दस्ता जांच कर रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला बड़े स्तर पर वित्तीय हेरफेर और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हो सकता है। कार्रवाई के चलते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसरों के अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

डिजिटल उपकरणों की भी जांच

इडी के अधिकारी कंपनी के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन के भारी-भरकम रिकॉर्ड, रियल एस्टेट प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों और कंप्यूटर-लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों को अपने कब्जे में लेकर बारीक जांच कर रहे हैं। हालांकि, एजेंसी की तरफ से अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

रोड कंस्ट्रक्शन से जुड़ी है कंपनी

शिवा बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड मुख्य रूप से रोड कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी है। यह कंपनी 30 मार्च, 1998 से कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के तहत रजिस्टर्ड है और पिछले दो दशकों से अधिक समय से सिविल कंस्ट्रक्शन सेक्टर में सक्रिय है। इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में अशोक कुमार जैन और रोहित गुप्ता शामिल हैं।

कंपनी सरकारी और बड़े प्राइवेट प्रोजेक्ट्स के लिए हाईवे, सड़कों का निर्माण, पुल, ऑडिटोरियम और बड़े कमर्शियल तथा रेजिडेंशियल बिल्डिंग्स बनाने का काम करती है।

कंपनी का सालाना टर्नओवर ₹100 करोड़ से ₹500 करोड़ के बीच है, जिससे यह इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की एक मजबूत मिड-साइज कंपनी है।