August 28, 2026
28 aug 4
  • लिखा- फेडरेशन में BJP के बाहुबली बैठे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा भारत की ओलिंपिक में भागीदारी और पदक तालिका बढ़ाने को लेकर किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट (ट्वीट) पर देश की दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट ने जोरदार पलटवार किया है। विनेश ने खेल महासंघों की मौजूदा स्थिति, महिलाओं के शोषण और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं पर सीधा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया।

ये था पीएमओ का ट्वीट

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक बयान जारी किया गया था। इस पोस्ट में भारत के ओलिंपिक में भागीदारी के आंकड़े और पदकों की कम संख्या पर चिंता जताते हुए कहा गया था। ओलिंपिक में कई अलग-अलग तरह के खेल होते हैं।

भारतीय टीमें उनमें से आधे खेलों में भी हिस्सा नहीं लेती हैं। इसका मतलब है कि हम पदक तालिका के एक बहुत बड़े हिस्से के लिए प्रतिस्पर्धा ही नहीं करते हैं। और यह स्थिति दशकों से चली आ रही है। दुनिया के अन्य देश उन खेलों में पदक जीतते हैं और हम उनमें भाग तक नहीं लेते। अपनी पदक तालिका बढ़ाने के लिए हमें इन नए और अन्य खेलों में भी महारत हासिल करनी होगी।

विनेश फोगाट का तीखा पलटवार- महासंघों में बैठे हैं आपकी पार्टी के गैंगस्टर

पीएमओ के इस ट्वीट के सामने आते ही विनेश फोगाट ने बिना कोई देर किए इस पर कड़ा रिप्लाई (जवाब) दिया। विनेश ने सीधे तौर पर खेल महासंघों में काबिज नेताओं की मानसिकता और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) में हुए विवाद को उजागर करते हुए लिखा।

प्रधानमंत्री जी, कोई खिलाड़ी उस इवेंट में कैसे भाग लेगा, जहां उन फेडरेशन में आपकी ही पार्टी के गुंडे, ठग और महिलाओं का शोषण करने वाले बैठे हैं? जिन्हें आपकी पार्टी पूरे दिल से समर्थन देती है और कहती है कि आगे बढ़ो और करो, तुम्हें पूरी आजादी है, हम तुम्हारे साथ हैं। शायद कंगना जी (कंगना रनौत) हमेशा इसी तरह की आजादी की बात करती हैं।

कुश्ती विवाद और पहलवानों का आक्रोश

विनेश फोगाट का यह कड़ा रुख उस लंबे चले आंदोलन का हिस्सा माना जा रहा है, जो उन्होंने साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया जैसे दिग्गजों के साथ मिलकर भाजपा के तत्कालीन सांसद और कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चलाया था। महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे और दिल्ली के जंतर-मंतर पर महीनों तक विरोध प्रदर्शन किया था।

विनेश ने अपने इस रिप्लाई के जरिए सरकार की उस मंशा पर सवाल उठाए हैं जिसमें ओलंपिक पदकों की संख्या बढ़ाने का दावा किया जा रहा है। विनेश का साफ कहना है कि जब तक खेल महासंघों को राजनीतिक बाहुबलियों और महिला शोषणकर्ताओं के चंगुल से आजाद नहीं कराया जाएगा, तब तक देश के खिलाड़ी मानसिक दबाव में रहेंगे और किसी भी खेल में विश्वस्तरीय प्रदर्शन कर पाना संभव नहीं होगा।

कंगना रनौत पर भी कसा तंज

अपने बयान में विनेश फोगाट ने मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत का जिक्र करते हुए भी तंज कसा। हाल ही में कंगना रनौत के आजादी और देश के मुद्दों पर दिए गए विवादित बयानों को आड़े हाथों लेते हुए विनेश ने कहा कि भाजपा जिस आजादी की बात करती है, वह असल में अपनी पार्टी के बाहुबली नेताओं को महिला खिलाड़ियों के उत्पीड़न के लिए दी गई आजादी है।