- रोज 8 घंटे करता है प्रैक्टिस
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : खेलो इंडिया के तहत फरीदाबाद में आयोजित प्रथम ट्रायल में सेक्टर-11 निवासी कक्षा 8 के छात्र मयंक नागिल ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ मयंक ने स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अब वह राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गया है।
मयंक पिछले करीब 5 साल से शूटिंग का अभ्यास कर रहा है। इससे पहले भी वह 25 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में नेशनल लेवल के लिए क्वालिफाई कर चुका है। 13 साल की छोटी उम्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने पर परिवार और कोच ने भी खुशी जताई है।
तीन से चार अगस्त तक हुआ था आयोजन
मयंक ने बताया कि तीन से चार अगस्त तक फरीदाबाद में खेलो इंडिया गेम्स के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इसमें जिले के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में उसने सिल्वर मेडल हासिल किया और स्टेट लेवल के लिए क्वालिफाई किया।
रोज 8 घंटे करता है शूटिंग की प्रैक्टिस
मयंक के मुताबिक वह रोज करीब 8 घंटे शूटिंग की प्रैक्टिस करता है। वह सुबह 6 बजे से दोपहर एक बजे तक अभ्यास करता है। इसके बाद शाम के समय ट्यूशन जाता है। शूटिंग की तैयारी के चलते वह सप्ताह में केवल सोमवार को स्कूल जाता है।
बेटे की रुचि देखकर पिता ने दिया पूरा सहयोग
मयंक के पिता रंजित सिंह ने बताया कि वह स्क्रैप का काम करते हैं। उनके बेटे की शुरुआत से ही शूटिंग में रुचि थी और उसने खुद इस खेल को अपनाने की इच्छा जताई। बेटे की रुचि को देखते हुए परिवार ने उसे पूरा सहयोग दिया। मयंक की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है।
कोच बोले- मेहनत से निशाना बनाया सटीक
मयंक के कोच मन्नु सिरोही ने बताया कि मयंक ने अपनी मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर कम उम्र में ही निशाना काफी सटीक बना लिया है। वह नियमित रूप से अभ्यास करता है और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत कर रहा है। कोच को उम्मीद है कि मयंक आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।