August 20, 2026
20 aug 21
  • आवेदन फीस 5 किलो देसी घी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने 15 दिन से डीसी की कुर्सी खाली होने को लेकर लघु सचिवालय में अनोखे तरीके से विरोध जताया। नवीन जयहिंद ने भर्ती ठोको गैंग की तरफ से डीसी की भर्ती के लिए आवेदन मांगे और 5 किलो देसी घी आवेदन फीस बताई।

नवीन जयहिंद ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी ने जिले को अनाथ छोड़ा हुआ है और कोई भी विधायक, पूर्व मंत्री, सांसद व पूर्व सीएम इसके लिए आवाज नहीं उठा रहा। डीसी को नियुक्त करने में इतना समय क्यों लग रहा है। 15 दिन में तो बहु मिल जाती है, फिर डीसी क्यों नहीं मिल रहा।

कल 24 घंटे का दिया था अल्टीमेटम

नवीन जयहिंद ने सरकार को कल 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि अगर सरकार ने 24 घंटे के अंदर डीसी की नियुक्ति नहीं की तो वह जनता की तरफ से डीसी को बैठा देंगे। जनता का चुना हुआ डीसी काम भी करेगा और लोगों की समस्याओं का समाधान भी करेगा। इसी कड़ी में आज लघु सचिवालय पहुंचकर मुनादी करवाते हुए विरोध जताया।

सरकार पर हावी अफसरशाही

नवीन जयहिंद ने कहा कि सरकार पर अफसरशाही हावी हो रही है। कोई भी अधिकारी रोहतक का डीसी नहीं बनना चाहता। दो मंत्रियों की आपसी खींचतान के कारण कुर्सी पिछले 15 दिन से खाली पड़ी है। दोनों नेता अपनी पसंद का डीसी चाहते हैं, लेकिन दोनों में से किसी की बात सरकार नहीं सुन रही और कुर्सी खाली पड़ी है।

विधायक, सांसद व पूर्व सीएम ने साध रखी चुप्पी

नवीन जयहिंद ने कहा कि डीसी न होने के कारण लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। इतने दिन कुर्सी खाली रहने के बावजूद ना तो पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व कांग्रेस के विधायक कुछ बोल रहे। जिससे साफ है कि नेताओं को जनता से कोई सरोकार नहीं है।

पुलिस ने अंदर जाने से रोका

नवीन जयहिंद जब लघु सचिवालय में ढोल के साथ पहुंचे और मुनादी करनी शुरू की तो पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक लिया। नवीन जयहिंद ने लघु सचिवालय के गेट पर ही मुनादी करनी शुरू कर दी और ढोल बजाते हुए डीसी भर्ती के लिए लोगों से आवेदन मांगे।