August 18, 2026
18 aug 13
  • बोले- CM ने 16 अगस्त तक कार्रवाई का दिया था आश्वासन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के करनाल में हर्ष एनकांउटर मामले में मंगलवार को दोबारा रोड़ महासभा भवन में समाज की तरफ से पंचायत का आयोजन किया गया था। पंचायत के दौरान हर्ष एनकाउंटर मामले में मुख्यमंत्री की ओर से 16 अगस्त तक का समय दिए जाने के बावजूद 18 अगस्त तक कोई अपडेट नहीं मिलने पर समाज ने रोष जताया।

बैठक में मामले में न्याय की मांग को लेकर आगे की रणनीति तय करने के लिए कमेटी गठित करने का फैसला लिया गया। आज जो कमेटी बनाई जाएगी। वहीं कमेटी हर्ष को न्याय दिलाने के लिए आगामी निर्णय लेगी।

पंचायत में कहा गया कि अगर हर्ष की न्याय दिलाने के लिए उन्हें सड़कों पर उतरना पड़े, तो वह सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करने के लिए भी तैयार है, हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से रहेगा।

सीएम से मांगा था 16 अगस्त तक का समय

महासभा प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि हर्ष एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर रोड समाज लगातार आवाज उठा रहा है। उन्होंने बताया कि समाज के कुछ लोग चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से मिलने गए थे। उस दौरान मुख्यमंत्री ने 16 अगस्त तक का समय मांगा था और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब 18 अगस्त हो चुकी है।

मुख्यमंत्री की ओर से कोई जानकारी या अपडेट नहीं मिला है। बलकार सिंह ने कहा कि समाज की प्रमुख मांगों में करनाल के विधायक जगमोहन आनंद के तीन बयानों पर कार्रवाई शामिल है। उनका कहना है कि विधायक द्वारा दिए गए ये बयान एक जनप्रतिनिधि को नहीं देने चाहिए थे। दूसरी मांग मामले से जुड़े अधिकारियों को निलंबित करने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की है।

तीसरी प्रमुख मांग हर्ष एनकाउंटर मामले की जांच सीबीआई या सीटिंग जज से करवाई जाए।

विधानसभा स्पीकर-विधायक से भी मिला था आश्वासन

विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण और विधायक सतपाल जांबा की ओर से समाज को दिए गए आश्वासन पर भी बलकार सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों सरकार का हिस्सा होने के साथ ही समाज से भी जुड़े हैं। यदि उन्होंने समाज को आश्वासन दिया था, तो अब तक उसका परिणाम या कम से कम कोई अपडेट सामने आना चाहिए था।

बलकार सिंह ने कहा कि मंगलवार की बैठक में समाज के सम्मान और उसके साथ हुए अन्याय की भरपाई के लिए आगे की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जो आगामी कार्यक्रमों और आंदोलन की दिशा तय करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज की ओर से होने वाला प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा।

गोली मारने की धमकी वाली पोस्ट को बताया साजिश

समाज के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर सामने आई एडवोकेट को गोली मारने की धमकी वाली पोस्ट को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि रोड समाज के किसी व्यक्ति ने किसी को गोली मारने की धमकी नहीं दी है। उनके अनुसार इस तरह की पोस्ट के जरिए समाज को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम पोस्ट में लिखे गए हैं, वे शांत और सभ्य लोग हैं। ऐसी पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और पूरे मामले की जांच की जानी चाहिए। समाज ने प्रशासन और सरकार से मामले में जल्द कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।